Thar पोस्ट, जयपुर/बीकानेर। जलदाय एवं ऊर्जा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला और उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने बीकानेर शहर में 18 से 45 आयु वर्ग के नौजवानों के कोविड टीकाकरण के लिए अपने विधायक कोष से 3-3 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने की अभिशंषा की है। बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. कल्ला ने इस सम्बंध में बीकानेर के जिला कलक्टर को ई-मेल भेजकर इस बारे में तत्काल कार्यवाही कर बीकानेर शहर के युवाओं का वृहद स्तर पर टीकाकरण कराने के निर्देश दिए हैं।जलदाय मंत्री डॉ. कल्ला अपने विधायक कोष से कोरोना के ईलाज के लिए बीकानेर के पीबीएम चिकित्सालय के तहत संक्रामक रोगों के अस्पताल (कोविड डेडिकेटेड हॉस्पिटल) के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की राशि की पहले ही स्वीकृति दे चुके है। डॉ. कल्ला ने रविवार को ही बीकानेर में जिला चिकित्सालय (सेटेलाइट हॉस्पिटल) में ऑक्सीजन संयंत्र लगाने के लिए जिला कलक्टर को 45.32 लाख रुपये की स्वीकृति अपने विधायक कोष से जारी करने के निर्देश देते हुए अनुशंसा की थी। बीकानेर के जिला कलक्टर द्वारा इसके लिए आवश्यक स्वीकृति जारी कर दी गई है।डॉ. कल्ला ने बताया कि बीकानेर जिले में कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। यहां चिकित्सा सुविधाओं, संसाधनों, ऑक्सीजन और आवश्यक दवाओं की आपूर्ति में लगातार वृद्धि की जा रही है। उन्होंने बताया कि बीकानेर के सैटेलाइट अस्पताल को शीघ्र ही 50 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए जा रहे है, इससे यहां 100 शैयाओं के लिए ऑक्सीजन उपलब्ध हो सकेगी।जलदाय मंत्री ने बताया कि बीकानेर के पीबीएम चिकित्सालय में 2-3 बड़े ऑक्सीजन संयत्र स्थापित किए जाएंगे, इससे कोरोना से संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था हो सकेगी। उन्होंने बताया कि बीकानेर के पीबीएम चिकित्सालय को बाई पेप दिलाने के लिए भी उन्होंने गृह विभाग के प्रमुख शासन सचिव से वार्ता की है और उन्हें इनकी राज्य स्तर पर खरीद कर बीकानेर के पीबीएम चिकित्सालय सहित प्रदेश् के अन्य चिकित्सालयों को उपलब्ध कराने का परामर्श दिया है।
उच्च शिक्षा भंवर सिंह भाटी ने कोरोना महामारी की दूसरी लहर से बचाव के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित कोविड वैक्सीनेशन कार्यक्रम के तहत 18-45 वर्ष आयुवर्ग के युवाओं का निःशुल्क वैक्सीनेशन करवाने के लिए विधायक क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम के तहत अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीकोलायत के लिए 3 करोड़ रूपये की अभिशंषा की है।
उच्च शिक्षा मंत्री भाटी ने सोमवार को इस संबंध में जिला कलक्टर नमित मेहता को सहमति पत्र भेजा है। उन्होंने यह राशि Raj.CMRF- COVID-19 Mitigation Fund के माध्यम से खर्च किए जाने की सहमति प्रदान की है। उन्होंने बताया कि 3 करोड़ रूपये से वैक्शीन खरीद कर, विधान सभा क्षेत्र श्रीकोलायत के 18-45 आयुवर्ग के युवाओं को लगाई जायेगी। उन्होंने जिला कलक्टर को उक्त कार्य की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति शीघ्र ही जारी करने को कहा है और निर्देश दिए कि पात्र लोगों का टीकाकरण शीघ्र शुरू किया जाए।गौरतलब है कि उच्च शिक्षा मंत्री ने कोलायत विधानसभा क्षेत्र में कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिए कोलायत पंचायत समिति एवं बज्जू पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों में हाइपोक्लोराइड के छिड़काव एवं मास्क वितरण की व्यवस्था की है।
लॉकडाउन के पहले दिन पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया सिटी राउंड
महामारी रेड अलर्ट जन अनुशासन लॉकडाउन के प्रथम दिन सोमवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) अरुण प्रकाश शर्मा व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शैलेंद्र सिंह इंदौलिया ने सभी एरिया मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों के साथ शहर का दौरा किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) शर्मा ने सभी एरिया मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि कोविड गाइडलाइन पालना में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही ना हो, किसी भी क्षेत्र में बिना कारण घूमने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह इंदौलिया ने कहा कि गाइडलाइन की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्ती अपनाकर ही कोविड संक्रमण की चैन को तोड़ा जा सकता है।
इन क्षेत्रों का किया दौरा
निरीक्षण दल ने कलक्ट्रट परिसर से राउंड शुरू करते हुए जूनागढ़, सूरसागर, नगर निगम के आगे से होते हुए भीमसेन चौधरी सर्किल, लालगढ़ बस स्टैंड, करणी नगर, गांधी नगर, दीन दयाल उपाध्याय सर्किल, म्यूजियम चौराहा, सांगलपुरा, पँचशती सर्किल, जयनारायण व्यास कॉलोनी, पवनपुरी, मेडिकल कॉलेज चौराहा, ब्रह्माकुमारी सर्किल, मेजर पूर्ण सिंह सर्किल आदि क्षेत्रों में निरीक्षण किया।
इस दौरान उपखंड अधिकारी मीनू वर्मा, अतिरिक्त आयुक्त (उपनिवेशन) कन्हैया लाल सोनगरा, सहायक कलक्टर बिंदू खत्री सहित पुलिस अधिकारी व एरिया मजिस्ट्रेट साथ रहे।