

Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान में एक अनूठा चुनावी वादा तेजी से वायरल हो रहा है। राज्य के झुंझुनूं जिले में स्थित झाझड़ गांव की निवासी और सरपंच पद की उम्मीदवार अनीता सैनी ने आगामी पंचायत चुनाव जीतने पर गांव के कुंवारे युवकों की शादी कराने का अनोखा वादा किया है। देश में किसी भी चुनाव के दौरान प्रत्याशी सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और विकास जैसे पारंपरिक मुद्दों को आधार बनाकर मतदाताओं के बीच जाते हैं। इसके विपरीत, इस महिला उम्मीदवार ने अपने गांव के कुंवारे युवकों को दुल्हन दिलाने और उनकी शादी कराने की पक्की गारंटी को अपना प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाया है। झाझड़ गांव में चुनावी जनसंपर्क के दौरान अनीता सैनी का यह आश्वासन सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। अपने चुनावी भाषण में वह अपने इस दावे को लेकर पूरी तरह आश्वस्त दिख रही हैं। उनके आश्वासन से उन युवकों में भी शादी की आस बंधी है जो अभी तक कुंवारे थे।











उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर गांव में किसी भी युवक को दुल्हन नहीं मिल पा रही है, तो चुनाव जीतने के बाद उसकी शादी कराने की पूरी जिम्मेदारी वह स्वयं लेंगी। इसके लिए चाहे उन्हें किसी अन्य गांव में एक से दो दिन तक रुककर लड़की की तलाश करनी पड़े या फिर गांव से शादी के लिए बरात की पूरी ट्रेन ही क्यों न लगानी पड़े, वह युवकों का विवाह निश्चित रूप से संपन्न करवाएंगी।
उन्होंने स्पष्ट रूप से यह घोषणा की कि कुंवारे युवकों का विवाह संपन्न करवाना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता और सबसे बड़ी गारंटी है।
