ताजा खबरे
SAVE 20260729 201333 प्रशासनिक अमला पहुँचा डॉ करणी सिंह स्टेडियम Rajasthan News Portal राजस्थान
Share This News

Thar पोस्ट न्यूज। राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह: जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थलों का किया अवलोकन, तैयारियों का लिया जायजा

बीकानेर। जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन और पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह स्थल का अवलोकन किया। यहाँ टेंट, प्रवेश, निकास, साउंड सिस्टम, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था सहित प्रत्येक बिंदु का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह की सभी व्यवस्थाएं राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार स्तरीय हों। व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारी अभी से ही पूरी गंभीरता से जुट जाएं। उन्होंने मुख्य समारोह स्थल पर स्टेज, ध्वजारोहण के साथ अतिविशिष्ट व्यक्तियों की बैठक की समीक्षा की।

जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय परिसर में 14 अगस्त को होने वाले एट होम स्थल का जायजा भी लिया। यहां की सभी व्यवस्थाओं की पूर्व समीक्षा की। इसमें विशिष्टजनों को आमंत्रित करने, सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं के बैठने आदि की जानकारी ली। उन्होंने महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल का अवलोकन भी किया।

विश्वविद्यालय के सभागार में आमजन और विशिष्ट व्यक्तियों के प्रवेश, कलाकारों के ग्रीन रूम, साउंड सिस्टम आदि की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कलाकारों के पूर्वाभ्यास, कार्यक्रमों के चयन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की तैयारियों के बारे में जाना। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, अतिरिक्त कलेक्टर (प्रशासन) श्री उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त कलेक्टर (नगर) श्रीमती रीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चक्रवर्ती सिंह राठौड़ सहित निगम, बीडीए, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी साथ रहे।


Share This News