बीकानेर के मूल निवासी और अनेकों राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में पदक विजेता तीरंदाज श्यामसुंदर स्वामी का अगले माह आयोजित होने वाले टोक्यो पैरालम्पिक प्रतियोगिता में जाने वाले खिलाडी दल में चयन होने पर चीयर्स फाउंडेशन द्वारा सोमवार को जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित सर्व सिद्धेश्वर शिव मंदिर परिसर में भव्य और गरिमामयी सम्मान समारोह आयोजित किया गया।सम्मान समारोह में सीमा सुरक्षा बल बीकानेर मुख्यालय के उपमहानिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, श्री लालेश्वर महादेव मन्दिर शिवबाड़ी मठ के अधिष्ठाता स्वामी विमर्शानंद गिरि जी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, जिला उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत, डॉ. सुषमा बिस्सा, सीमा सुरक्षा बल से सेवानिवृत्त अधिकारी और शिव मंदिर से जुड़े नारायण सिंह खींची अतिथि के रूप में तथा खेल गतिविधियों से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।इस अवसर पर तीरंदाज स्वामी के कोच अनिल जोशी का भी खेल के प्रति उल्लेखनीय योगदान और खिलाड़ी श्यामसुंदर स्वामी की प्रतिभा को उच्च स्तर पर पहुंचाने के लिए सम्मान किया गया।
कार्यक्रम संयोजक और भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि अभी हाल ही में प्रधानमंत्री जी द्वारा रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” में टोक्यो ओलंपिक में भाग ले रहे खिलाड़ियों के प्रोत्साहन करने के आह्वान का अनुसरण करते हुए यह सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
शिव मंदिर के सचिव एन.के.सारवाल, उपसचिव सुरेश मित्तल, मार्क्समैन राइफल क्लब के वीरेंद्र सिंह, नेशनल एडवेंचर फाउंडेशन राजस्थान के आर.के. शर्मा ने भी स्वामी का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
स्वागत के दौरान पूरा परिसर भारत माता की जय, वन्दे मातरम और तालियों की गडगडाहट के साथ गूँज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत में भाजपा जिला मंत्री और मीडिया प्रभारी मनीष आचार्य ने समस्त अतिथियों का परिचय दिया और संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन किया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए श्यामसुंदर स्वामी को छोटे शहर और सामान्य परिवार से होने के बावजूद भी मजबूत इरादों के साथ खेल के उच्च स्तर पर पहुंचने के लिए बधाई दी और टोक्यो खेल प्रतियोगिता में पदक जीतने हेतु शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम संयोजक और भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने संपूर्ण स्वागत कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए तीरंदाज स्वामी से बिना किसी दबाव में विचलित हुए बिना धैर्य और एकाग्रता के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की बात कही। इस अवसर पर उन्होंने बीकानेर की धरती से निकलकर खेलों में शीर्ष स्तर पर पहुंचने वाले अनेक खिलाड़ियों के संस्मरण भी साझा किए।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने राजस्थानी भाषा में श्यामसुंदर स्वामी को आशीर्वाद और शुभकामनाएं देते हुए अर्जुन की भांति केवल अपने लक्ष्य पर नजर रखकर मेडल पर निशाना साधने की बात कही।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष और नेशनल एडवेंचर फाउंडेशन से जुडी डॉ. सुषमा बिस्सा ने भी स्वामी को शुभकामनाएं देते हुए विचार व्यक्त किए।
सम्मान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीमा सुरक्षा बल बीकानेर क्षेत्रीय मुख्यालय के उपमहानिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि बीकानेर के पानी और रहन-सहन में ही इस प्रकार की खूबी है कि यहां से विश्व स्तर के तीरंदाज, निशानेबाज और साइकिलिंग जैसे खेलों में खिलाड़ी उभरे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाडी के कोच के लिए किसी बड़ी संस्था से जुड़ा होना या प्रमाणित होना जरूरी नहीं है बल्कि उसका शिष्य के साथ सीधा संवाद और जुड़ना जरूरी है।
सिंह ने स्वामी को केंद्रीय खेल मंत्रालय से भी हर संभव मदद दिलवाने और पदक जीतकर आने पर सीमा पर एक बड़ा सम्मान कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि ओलंपिक दल में शामिल होना ही अपने आप में गर्व और शान की बात है।
श्री लालेश्वर महादेव मंदिर शिवबाड़ी मठ के अधिष्ठाता महंत स्वामी विमर्शानंद गिरि जी महाराज ने कहा कि मेडल जीतना या ना जीतना एक अलग विषय है परंतु खेल में इस स्तर पर पहुंचना ही बड़ी बात है।
उन्होंने सभी नागरिकों से भी शुद्ध भावना के साथ और भारतीय संस्कृति के साथ जुड़े रहकर अपने जीवन को भी खेल की तरह ही जीने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री और मीडिया प्रभारी मनीष आचार्य, रानी बाजार मंडल अध्यक्ष नरसिंह सेवग, गंगाशहर मंडल महामंत्री शिखर चंद डागा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष वेद व्यास, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर चौधरी, कमल गहलोत, रघुवीर प्रजापत, त्रिलोकचंद गेधर, अर्जुन कुमावत, रामलाल भोभरिया, विजय सिंह पडिहार, भंवरलाल लिंबा, अभय पारीक, विक्रम राजपुरोहित, तनवीर सिंह, रोहिताश व्यास, सोहन सिंह, एन.के.सारवाल, सुरेश मित्तल, वीरेंद्र सिंह, आर. के. शर्मा, नारायण सिंह खींची सहित अनेक गणमान्यजनों ने भी श्यामसुंदर स्वामी का स्वागत किया।