Thar पोस्ट। केंद्रीय मंत्री और बीकानेर सांसद श्री अर्जुनराम मेघवाल द्वारा बीकानेर में कोरोना मरीजों के उच्च स्तरीय इलाज हेतु लगातार किए जा रहे प्रयासों की कड़ी में आज रविवार को पीबीएम चिकित्सालय के श्वसन रोग विभाग में डॉ. गुंजन सोनी और डॉ विजय कच्छावा को करीब 30 लाख की लागत से कुल 10 हाई फ्लो नेजल कैनुला (एच.एफ.एन.सी) मशीनें भेंट की गई।केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने बताया कि हुंडई मोटर इंडिया फाउंडेशन की ओर से सीएसआर फंड के माध्यम से करीब 30 लाख लागत की कुल 10 एच.एफ.एन.सी मशीनों को आज चिकित्सालय के श्वसन रोग विभाग में सुपुर्द किया गया है।मेघवाल ने बताया कि इन मशीनों के माध्यम से कोरोना रोग से ग्रसित गंभीर मरीजों को हाई फ्लो के साथ ऑक्सीजन मिल सकेगी जिससे उनके उचित इलाज में काफी मदद मिलेगी।उन्होंने बताया कि पीबीएम चिकित्सालय में कोरोना मरीजों के इलाज हेतु चिकित्सकों की ओर से प्राप्त होने वाले प्रत्येक सुझाव पर कार्य कर मदद दिलवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और इसी कड़ी में यह हाई फ्लो नेजल कैनुला मशीन और गत दिनों में 25 लाख की लागत से उच्च स्तरीय क्षमता वाले कुल 40 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था की गई है।मेघवाल ने कहा की बीकानेर में कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और केंद्र सरकार की ओर से बीकानेर को प्रतिदिन ऑक्सीजन गैस के टैंकर भेजे जा रहे हैं। बीकानेर में ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता को जिला प्रशासन ने भी स्वीकार किया है।
रविवार को एचएफएनसी मशीनें भेंट करते समय पीबीएम चिकित्सालय श्वसन रोग विभाग में केंद्रीय मंत्री मेघवाल के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, जिला उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत, जिला मंत्री अरुण जैन, युवा मोर्चा महामंत्री गोपाल अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष नरसिंह सेवग, अर्जुन कुमावत, पंकज अग्रवाल इत्यादि उपस्थित रहे।