





Thar पोस्ट न्यूज। राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों के दौरान क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों के भवनों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मरम्मत योग्य एवं जर्जर भवनों को चिन्हित कर उनकी विस्तृत रिपोर्ट शिक्षा विभाग को सौंप दी गई है।

सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री विमल गहलोत ने बताया कि सहायक अभियंता कार्यालय द्वारा गठित तकनीकी टीम ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर भवनों की वर्तमान स्थिति का आकलन किया। निरीक्षण के उपरांत तैयार की गई सर्वे रिपोर्ट मौके पर ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को उपलब्ध करवा दी गई, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ करवाए जा सकें।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण दल द्वारा राजकीय प्राथमिक माध्यमिक विद्यालय सूरजनसर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय उदासर चारणान, राजकीय विद्यालय लाखनसर, राजकीय विद्यालय रावलिया लाखनसर, राजकीय विद्यालय धीरदेसर पुरोहितान तथा संस्कृत विद्यालय धीरदेसर पुरोहितान का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कई भवनों में छतों पर दरारें, प्लास्टर उखड़ने तथा अन्य संरचनात्मक कमियां पाई गईं। विभागीय अधिकारियों ने प्रत्येक भवन का फोटोग्राफिक दस्तावेजीकरण करते हुए जीपीएस लोकेशन सहित विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है।
अधीक्षण अभियंता श्री गहलोत ने बताया कि चिन्हित भवनों की मरम्मत राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग इस दिशा में पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से की जाएगी।