Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर जिले में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को सदर थाना क्षेत्र के भुट्टों का बास में बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस और बीकानेर विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने एनडीपीएस एक्ट के आरोपी शकील उर्फ जग्गू के अवैध अतिक्रमण और कथित काली कमाई से किए गए निर्माण पर बुलडोजर चलाया।
मिली जानकारी के अनुसार शकील उर्फ जग्गू वर्तमान में जेल में बंद है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के मामलों के अलावा हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मौके पर जेसीबी मशीनों की मदद से निर्माण को हटाया।
इस दौरान आरोपी के घरवालों ने पुलिस , बीडीए की कार्रवाई का विरोध भी जताया लेकिन कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों और बीडीए के अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई। मौके पर पहुंची सीओ सदर अनुष्ठा कालिया ने बताया कि आरोपी शकील उर्फ जग्गू पर एनडीपीएस हत्या सहित कई गंभीर प्रकृति के मामले दर्ज हैं। आरोपी द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति और अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया है उन्होंने अपराधियों को चेताते हुए कहा कि अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा किसी भी तरह से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।