Thar पोस्ट न्यूज। आज दिन की शुरुआत शीतल हवाओं के साथ हुई है। विक्षोभ का असर है। मौसम विभाग ने बुधवार को 13 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि एक दर्जन जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। जयपुर और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह तेज बारिश हुई और कई जगह ओले भी गिरे।

बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है और ठंडक बढ़ गई है, जिससे पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी पर ब्रेक लग गया है। बीते दिन नागौर, श्रीगंगानगर, बीकानेर पाली, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में हल्की बारिश हुई, जबकि बीकानेर व नागौर के जायल क्षेत्र में चने के आकार के ओले गिरे। एक बार फिर विभाग ने आज जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, दौसा, टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, बूंदी, भीलवाड़ा, कोटा, चित्तौड़गढ़ और अजमेर  जिलों में आंधी, बारिश और ओले गिरने की संभावन जताते हुए ओरेंज अलर्ट जारी किया है।  राजसमंद, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, बारां, झालावाड़, भरतपुर, धौलपुर, नागौर, चूरू, बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं। चूरू 31.4 डिग्री, बीकानेर 30.9, दौसा 30.9, झुंझुनूं 30.8 डिग्री,  कोटा 30.5, जैसलमेर 30.5 रहा। विभाग के अनुसार मौसम 19 फरवरी तक खराब रहेगा। इसके बाद तापमान में वृद्धि होगी।