Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर सम्भाग में नशे के खिलाफ व्यापक अभियान जारी है। पाकिस्तान से नशीले पदार्थों की तस्करी अनेक बार पकड़ी जा चुकी है। श्रीगंगानगर जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में ऑपरेशन सीमा संकल्प चलाया जा रहा है। इसी के अंतर्गत राजियासर थाना व सूरतगढ़ शहर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 1.40 करोड़ की हेरोइन और 6.50 लाख का डोडा पोस्त बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि राजियासर थाना प्रभारी एसआई सुखजीत सिंह ने अपनी टीम के साथ अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान कालुसर ऐटा रोही क्षेत्र से गुजर रही एक स्विफ्ट कार को रोककर पूछताछ की गई। संदेह के आधार पर जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखा गया 43 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया। आरोपियों की पहचान आईदान राम उर्फ आदूराम (35) पुत्र जस्साराम, निवासी गोविंदपुरा डांवरा और भवानी सिंह (19) पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी तरड गोल ढाणियां, गोविंदपुरा डांवरा दोनों जिला जोधपुर के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से जब्त डोडा पोस्त की अनुमानित कीमत 6 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।