Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। 144 विद्यार्थियों सहित शिक्षकों एवं संस्कृति पुरोधा का हुआ सम्मान। पुरानी गिन्नानी स्थित गायत्री शक्तिपीठ बीकानेर में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा की प्रावीण्य सूची में शामिल छात्र-छात्राओं का प्रतिभा पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के जिला सचिव व ट्रस्टी देवेन्द्र सारस्वत ने बताया कि समारोह की मुख्य अतिथि स्वामी केशवानंद विश्वविद्यालय गृहविज्ञान महाविद्यालय डीन प्रोफेसर विमला ढुकवाल, विशिष्ट अतिथि राजकीय डुंगर महाविद्यालय प्राचार्य दिग्विजय सिंह शेखावत व पुलिस उपाधीक्षक मय साइबर थाना प्रभारी मानाराम गर्ग के प्रतिनिधि महेन्द्र कुमार एवं अध्यक्षता परीक्षा जिला संयोजक मुकेश व्यास ने की व संचालन सहसंयोजिका मधुबाला शर्मा ने किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा देव पूजन तथा गायत्री परिवार ट्रस्ट प्रबंध ट्रस्टी पवन कुमार ओझा द्वारा प्रेरणा गीत से किया गया।
परीक्षा समिति जिला सचिव देवेन्द्र सारस्वत ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग राजस्थान सरकार के सहयोग से संचालित परीक्षा में बीकानेर जिले से 178 सरकारी व गैरसरकारी विद्यालयों की कक्षा 5 से 12 तक के आठ वर्गों के 9,248 छात्र-छात्राओं का पंजीयन किया गया था जिसमें से 8,999 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। ग्रामीण क्षेत्रों में नोखा, दंतौर पूगल खाजूवाला, लूणकरणसर, श्रीडुंगरगढ़ तहसील, बीकानेर तहसील व बीकानेर शहर सहित जिला स्तर पर कुल 179 स्थानों पर परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा जिला स्तर पर कक्षा 12 में प्रथम स्थान आयुष पब्लिक शिक्षण संस्थान बंगला नगर बीकानेर की आइना झौरड़, कक्षा 11 में श्री बिग्गाजी शिक्षण संस्थान सातलेरा श्रीडुंगरगढ के दीपक नाथ, कक्षा 10 में श्री करणी विद्यालय श्रीडुंगरगढ की शीतल कुमारी, कक्षा 9 में श्री बिग्गाजी शिक्षण संस्थान सातलेरा श्रीडुंगरगढ के सुभाष पूनिया, कक्षा 8 में गीता देवी पब्लिक स्कूल श्रीडुंगरगढ के स्वरूप सिंह, कक्षा 7 में श्री कन्या जैन माध्यमिक विद्यालय बीकानेर की सौम्या सोनी, कक्षा 6 में भारद्वाज विद्या निकेतन लूणकरणसर के गोविंद स्वामी एवं कक्षा 5 में सूर्या पब्लिक स्कूल श्रीडुंगरगढ की गायत्री शर्मा के जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले तथा कक्षा 5 से 12 तक के आठ वर्गों के कुल 144 छात्र-छात्राओं के जिला व तहसील स्तर की मेरिट लिस्ट में प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, साहित्य, मोमेंटो एवं पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
गायत्री परिवार ट्रस्ट बीकानेर के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी पवन कुमार ओझा ने बताया कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सर्वाधिक प्रतिभागी विद्यालय के रूप में सुरज बालबाड़ी उमावि जस्सूसर गेट बीकानेर को संस्कृति भूषण शील्ड देकर सम्मानित किया गया वहीं चयनित संस्था प्रधानों, शिक्षक गणों एवं कार्यकर्ताओं को संस्कृति पुरोधा सम्मान से जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। समारोह को मुख्य अतिथि प्रोफेसर विमला ढुकवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि वैदिक सनातन संस्कृति हमारे जीवन का आधार है। इसे लाख प्रयासों के बाद भी भुलाया नही जा सकता है। विशिष्ट अतिथि प्राचार्य दिग्विजय सिंह शेखावत ने संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति अक्षुण्ण है तथा सदा वंदनीय है । साइबर थाना प्रतिनिधि महेन्द्र कुमार ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकगणों को साइबर सुरक्षा, सावधानी, बचाव एवं उपचार के बारे में जानकारी दी। जिसे बालक-बालिकाओं ने ध्यानपूर्वक सुना।
प्रतिभा पुरस्कार सम्मान समारोह में परीक्षा आयोजन समिति सदस्य जवाहरलाल गंगल, रामकुमार चौहान, अमरसिंह वर्मा, धनंजय सारस्वत, प्रमिला गंगल, गायत्री पूरी नोखा, जितेन्द्र सिंह टाक श्रीडुंगरगढ, सुभाष बिश्नोई दंतौर, कौशल सिंह, शिव कुमार शर्मा, राधेश्याम नामा, प्रवीण तंवर, राजेन्द्र सिंह पड़िहार, सतीश तंवर तथा शिवनरेश सिंह चौहान ने सहयोग प्रदान किया।