Thar पोस्ट न्यूज मध्यप्रदेश। देश में चीतों का कुनबा 26 तक जा पहुंचा है। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में चीता ‘गामिनी’ ने रविवार को पांच शावकों को जन्म दिया। वहीं अब इन पांच शावकों के साथ देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 26 हो गई है। केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने इसकी जानकारी दी है। केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने इसके बारे में ‘एक्स’ पर पोस्ट भी किया।

शावकों की संख्या 13
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने पांच शावकों के जन्म लेने की जानकारी एक्स पर साझा की है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि ‘‘पांच शावक, कूनो! दक्षिण अफ्रीका के त्वालु कालाहारी रिजर्व से लाई गई लगभग पांच वर्ष की मादा चीता गामिनी ने आज पांच शावकों को जन्म दिया।’’ मंत्री ने कहा कि भारत में पैदा होने वाले चीते के शावकों की संख्या अब 13 हो गई है। उन्होंने बताया कि यह चौथी बार है जब भारत में किसी चीता ने शावकों को जन्म दिया है। जबकि दक्षिण अफ्रीका से लाए गए किसी चीता ने पहली बार शावकों को जन्म दिया है।