IMG 20230910 WA0270 बीकानेर परकोटा : साले की होली की सभा के चर्चे Rajasthan News Portal बीकानेर अपडेट
Share This News

Thar पोस्ट। बीकानेर परकोटे में राजनीति गर्माने लगी है। यहाँ देर रात हुई परिवर्तन यात्रा के चर्चे है। बीजेपी इसे सफल बता रही है। वही कांग्रेस इसे फ्लॉप यात्रा करार दे रही है। वही कुछ जानकारों का कहना है कि 3 घंटे देरी से पहुंची इसके चलते लोगों को मायूसी हाथ लगी। पाटों पर चर्चाओं का दौर भी रात तक चला। इससे पहले बीकानेर शहर में यात्रा का जगह-जगह स्वागत का दौर शुरू हो गया। साले की होली चौक में परिवर्तन यात्रा पहुंचते-पहुंचते तीन घंटे देरी हो गई। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने इस देरी के लिए माफी मांगते हुए तंज किया, यहां के प्रेम और आतिथ्य से अभिभूत हुआ। इतना स्वागत बाकी किसी परिवर्तन यात्रा में नहीं देखा। अगर ये सब मिलकर एक जगह स्वागत सभा रख लेते तो चुनाव का फैसला आज ही हो जाता। शेखावत ने मोदी के ही अंदाज लोगों के सवालों-जवाबों के अंदाज में संवाद करते हुए चंद्रयान, जी-20, राष्ट्राध्यक्षों  में सहमति जैसी उपलब्धियां बताते हुए बात शुरू की। वे बोले- राजस्थान के हालात देख दुख, चिंता होती है। हम पिछले चुनाव में थोड़ेे से वोटों से चूक गए। केवल एक लाख 45 हजार वोटों की कमी के कारण हम सरकार के बाहर हो गए। उसका खमियाजा पिछले साढ़े चार साल से प्रदेश भुगत रहा है। इसके साथ ही उन्होंने पेपरलीक के मुद्दे पर जमकर प्रहार किए। बीकानेर सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा, मुख्यमंत्री बार-बार कहते हैं कि मैं कुर्सी छोड़ना चाहता हूं लेकिन यह कुर्सी मुझे नहीं छोड़ रही। ऐसे मुख्यमंत्री की कुर्सी तोड़ने का वक्त आ गया है। साले की होली चौक पर हुई आमसभा में सांसद बालकनाथ काफी देरी से पहुंचे ऐसे में उनका संबोधन नहीं हो सका। सभा में शहर भाजपा अध्यक्ष विजय आचार्य, पूर्व मंत्री एवं यात्रा संयोजक सी.आर.चौधरी, श्रवणसिंह बगड़ी, विधायक सिद्धी कुमारी, मेयर सुशीला कंवर, उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत आदि मौजूद रहे। संचालन महामंत्री मोहन सुराणा ने किया। सभा के आरंभ में गजेन्द्रसिंह शेखावत ने लोक देवी-देवताओं के जयकारे लगवाए। इस दौरान करणीमाता, कोडाणा भैरूनाथ, पुनरासर हनुमान बाबा, राम-सा पीर जयकारों के साथ ही पूर्व विधायक दिवंगत गोपाल जोशी का जयकारा भी लगवाया। सभा के प्रभारी भी जोशी के पुत्र और पार्टी के उपाध्यक्ष गोकुल जोशी रहे।


Share This News