Thar पोस्ट। अव्यवस्थाएँ देखकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बाड़मेर कलेक्टर व एसपी को राडार में लेते हुए फटकार लगाई। सीएम गहलोत दो दिन के दौरे के लिए बाड़मेर में हैं। उन्होंने पहले दिन शुक्रवार रात को करीब 9:30 बजे बाड़मेर के सर्किट हाउस में महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान सीएम को दो बार गुस्सा आया। पहले तो उन्होंने माइक फेंका और दूसरी बार कलेक्टर और एसपी को लताड़ लगाई।संवाद के दौरान सरकार की चलाई जा रही स्कीम को लेकर सीएम ने महिलाओं को जानकारी दी। सीएम महिलाओं से संवाद करने के दौरान माइक लेकर बोल रहे थे। इस दौरान माइक में खराबी आ गई। सीएम ने दूसरा माइक मांगा। वहीं, हाथ में पकड़ा माइक कलेक्टर की तरफ फेंक दिया। कुछ देर बाद जब एक महिला बोल रही थी। सीएम ने महिलाओं के पीछे अनावश्यक लोगों व अधिकारियों को खड़ा देख लिया। महिला को बोलने से रोका। फिर गुस्से में पूछा- तुम लोग कौन हो। हटो यहां से। बोले- आपके एसपी कलेक्टर कहां गए। दोनों एक जैसे हैं। बाद में गहलोत रात को करीब 10 बजे गो सेवा आयोग अध्यक्ष एवं विधायक मेवाराम जैन के घर खाना खाने के बाद रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर लोगों की भीड़ देखकर सीएम ने युवाओं व लोगों से बातचीत की। इस दौरान युवाओं ने सीएम के साथ सेल्फी ली। स्टेशन रोड राज सरोवर तक पैदल चलकर पहुंचे। वहां पर आइस्क्रीम की दुकान से आइसक्रीम खाते हुए लोगों से चर्चा कर सिटी के हालचाल का जायजा लिया।