Thar पोस्ट, न्यूज, जयपुर। पीएम नरेंद्र मोदी आज करीब साढ़े तीन घंटे राजस्थान में रहेंगे। टेंटेटिव शेड्यूल के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब दो बजे दिल्ली से विशेष विमान के जरिए उड़ान भरेंगे और तीन बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। फिर सेना के हेलीकॉप्टर के जरिए पुष्कर के लिए उड़ान भरेंगे। दोपहर 3:35 बजे पुष्कर पहुंचकर ब्रह्मा मंदिर में पूजा-अर्चना और अभिषेक करेंगे। मोदी के आने से दो घंटे पहले ब्रह्म मंदिर परिसर को खाली कराया जाएगा। करीब एक घंटे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुष्कर तीर्थ में मौजूद रहेंगे।प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से शाम 4:40 बजे अजमेर की कायड़ विश्रामस्थली पहुंचकर उनके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने पर जनसभा को संबोधित करेंगे और महा जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे सभा स्थल से रवाना होकर पीएम किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। शाम 6:30 बजे वायुसेना के विशेष विमान के जरिए प्रधानमंत्री का वापस दिल्ली लौटने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने बताया कि आठ लोकसभा और 45 विधानसभा क्षेत्रों सहित प्रदेश भर से करीब चार लाख लोग इस ऐतिहासिक जनसभा में जुटेंगे। पीएम मोदी की जनसभा में बीजेपी प्रदेशभर से नेता, कार्यकर्ता, पदाधिकारी शामिल होंगे। भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ को ही दी गई है। राठौड़ ने लगातार इस जनसभा को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया। राजस्थान से अब किसी स्थानीय नेतृत्व या चेहरे की ओर पीएम मोदी इशारा कर सकते हैं। कद्दावर नेता राजेंद्र राठौड़, गजेंद्र सिंह शेखावत, वसुंधरा राजे, अर्जुनराम मेघवाल जैसे नेताओं पर सभी की नज़र टिकी हुई है। इस बीच बीजेपी की कोशिश है कि स्थानीय नेतृत्व को उभार कर जनता के सामने लाया जाए। क्योंकि राजस्थान के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय से ज्यादा स्थानीय मुद्दे हावी रहेंगे। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मुद्दों और एजेंडों का बड़ा फर्क होता है। पिछले चुनाव में बीजेपी इसे देख भी चुकी है।