Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। राजकीय डूँगर महाविद्यालय में विज्ञान स्नातक के प्राणीशास्त्र एवं वनस्पतिशास्त्र के स्वयंपाठी विद्यार्थियों के प्रायोगिक परीक्षा की तिथियों में संशोधन किया गया है। प्राचार्य डॉ.इन्द्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि बीएससी तृतीय वर्ष की पूर्व घोषित तिथि 23 जून के स्थान पर 13 जून निर्धारित की गई है। इसी प्रकार द्वितीय वर्ष के प्राणीशास्त्र की 18 जून को होने वाली परीक्षा अब 19 जून को तथा 13 जून को आयोजित होने वाली प्रथम वर्ष प्राणीशास्त्र व वनस्पतिशास्त्र की परीक्षा अब 18 जून को आयोजित होगी। प्राचार्य डॉ. सिंह ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम संबंधित विभागों में नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया गया हैं। समस्त विद्यार्थी कार्यालय समय में उपस्थित होकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने सोमवार को खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र के लूणखां, तीन पावली और डेली तलाई में आयोजित प्रशासन गांवों के संग और महंगाई राहत शिविरों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिले के लगभग तीन चौथाई परिवारों ने अपना पंजीकरण करवाते हुए पात्रता के आधार पर संबंधित योजनाओं के लाभ की गारंटी हासिल कर ली है। उन्होंने कहा कि आमजन को महंगाई की मार से बचाने के उद्देश्य से सरकार की यह पहल बेहद महत्वपूर्ण है। इसके मद्देनजर शत-प्रतिशत परिवारों का पंजीकरण करवाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रशासन गांवों के संग अभियान के 22 विभागों की स्टाॅल्स का अवलोकन भी किया और इन विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। मंत्री मेघवाल ने कहा कि ग्रामीणों को उनके राजस्व सहित विभिन्न कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों में नहीं जाना पड़े, इसे ध्यान रखते हुए यह शिविर लगाए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारी सरकार की संवेदनशील भावना के अनुरूप कार्य करते हुए प्रत्येक समस्या का समाधान करने के हरसंभव प्रयास करें। उन्होंने कहा कि शिविरों पर राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। शिविर प्रभारी द्वारा समय रहते सभी व्यवस्थाओं की माॅनिटरिंग की जाए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और इनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। इस दौरान तीन पावली शिविर में उपखंड अधिकारी खाजूवाला श्योराम, नायब तहसीलदार सपना सोनी, सरपंच 3 पावली भागीरथ, पूर्व सरपंच पदमाराम चौहान, ग्राम पंचायत लूणखां में सरपंच अभिमन्यु सिंह और डेली तलाई में सरपंच मुकन सिंह मौजूद रहे।