मुख्यमंत्री के जन्म दिन पर आयोजित महंगाई राहत शिविर लाया बड़ी सौगात
Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के जन्म दिन के अवसर पर बुधवार को आयोजित महंगाई राहत शिविर लाभार्थियों के लिए बड़ी सौगात लाया। इस दौरान शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने 58 लोगों को पट्टे दिए गए वहीं अनेक लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला। शिक्षा मंत्री के नेतृत्व में केक काटकर मुख्यमंत्री का जन्म दिन मनाया गया। डॉ. कल्ला ने लाभार्थियों का मुंह मीठा कर शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश को बचत-राहत और बढ़त वाला बजट दिया। इस बजट के बाद आयोजित हो रहे महंगाई राहत शिविरों ने आमजन को बड़ी राहत दी है। वहीं प्रशासन शहरों के संग अभियान ने राजस्व से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान किया है। इससे आमजन के चेहरों पर खुशी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को इन शिविरों का लाभ उठाना चाहिए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पहली बार आमजन को गारंटी के साथ योजनाओं का लाभ मिलेगा। इससे आमजन का परिवार महंगाई की मार से बच सकेगा। इस दौरान उन्होंने 58 लोगों को पट्टे बांटे। इनमें नत्थूसर गेट की आठ दुकानों के अलावा बंगलानगर, सर्वोदय बस्ती और रामपुरा क्षेत्र के 20 एवं कृषि भूमि से जुड़े 30 आवासीय पट्टे शामिल रहे। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने विभिन्न लाभार्थियों को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड भी सौंपे। पट्टे प्राप्त करने वाले लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी की चमक देखने को मिली।
फोल्डर का किया विमोचन
शिक्षा मंत्री ने इस दौरान राजीव गांधी स्टडी सर्किल द्वारा प्रकाशित महंगाई राहत शिविर पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से आमजन में शिविर के प्रति जागरुकता आएगी। इस दौरान उन्होंने केक काटकर मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया और लाभार्थियों को केक वितरित किया। इससे पहले उन्होंने शिविर का अवलोकन किया।
इस दौरान नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष मकसूद अहमद, नगर निगम आयुक्त केसर लाल मीणा, नगर विकास न्यास सचिव यशपाल आहूजा, निगम सचिव हंसा मीणा, अनिल कल्ला, पार्षद शिव शंकर बिस्सा, डॉ. मिर्जा हैदर बेग, राजीव गांधी स्टडी सर्किल के अध्यक्ष डॉ. बिट्ठल बिस्सा, डॉ. अनंत नारायण जोशी आदि मौजूद रहे।
ऊर्जा मंत्री के नेतृत्व में देशनोक में मनाया मुख्यमंत्री का जन्म दिन
गायों को दिया गुड़, मां करणी मंदिर में दर्शन कर दीर्घायु की कामना की
Thar पोस्ट। बीकानेर मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का जन्मदिन बुधवार को ऊर्जा मंत्री श्री भंवर सिंह भाटी के नेतृत्व में देशनोक में मनाया गया। इस दौरान श्री करणी गौशाला देशनोक में तुलादान के करते हुए गायों का गुड़ दिया गया। ऊर्जा मंत्री ने करणी माता मंदिर के दर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के दीघार्यु होने और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने गरीब और जरूरतमंदों को केन्द्र में रखकर अनेक योजनाएं और कार्यक्रम चलाए हैं। इनसे आमजन को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा जैसी ऐतिहासिक योजना चलाई जा रही है। इसने पूरे देश के सामने एक नजीर पेश की है।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। श्री करणी गौशाला पदाधिकारियों एवं स्टाफ द्वारा ऊर्जा मंत्री स्वागत अभिनंदन किया गया। प्रबंधन द्वारा गौशाला में सीवर लाइन डलवाने एवं रोड बनवाने की मांग रखी।
इस अवसर पर देशनोक नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश मूंधड़ा, पार्षद, गौशाला प्रबंधन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अशोक गहलोत फैंस क्लब ने मनाया मुख्यमंत्री का जन्मदिन
Thar पोस्ट। अशोक गहलोत फैंस क्लब द्वारा बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जन्मदिन मनाया गया।क्लब के प्रदेश अध्यक्ष ऋषि कुमार व्यास ने बताया कि इस दौरान गौशाला में गुड़ तथा पक्षियों को चुग्गा वितरित किया गया। वहीं जरूरतमंदों को भोजन करवाकर मुख्यमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की गई। व्यास ने कहा कि अशोक गहलोत फैंस क्लब द्वारा मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे जन कल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रहे महंगाई राहत शिविरों में क्लब के पदाधिकारी मौजूद रहकर आमजन के पंजीकरण में सहयोग कर रहे हैं।
इस दौरान पुखराज स्वामी, नंदलाल व्यास, मुकेश रामावत, गौरव व्यास, किशोर व्यास, संजय व्यास, गोपालकृष्ण हर्ष, नीरज खान समेजा, शिवम उपाध्याय, नितिन वत्सस, विनय थानवी, मनोज नागल, कपिल आचार्य, सरजीत सिंह और श्रवण रंगा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

