Thar पोस्ट, बीकानेर। 28 वां राज्य स्तरीय मास्टर बच्ची गोल्ड कप फुटबाल प्रतियोगिता का आगाज मंगलवार को स्थानीय पुष्करणा स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता में पहला मैच डीएफए बीकानेर व जोधपुर के बीच खेला गया। जिसमें जोधपुर ने बीकानेर को 2-1 से पराजित किया। उद्घाटन मुकाबले के पहले हॉफ में पूरी तरह जोधपुर की टीम बीकानेर की टीम पर हावी रही। इस दौरान जोधपुर के खिलाडिय़ों ने अपने प्रकार के मूव बनाकर एक के बाद एक अटैक किया। जिसके फलस्वरूप जोधपुर के विपिन ने खेल के 14 वें ही मिनट में मिले कोनर को गोल पोस्ट में डालकर टीम को एक गोल की बढ़त दिला दी। बढ़त से लबरेज जोधपुर के खिलाडियों का लगातार बीकानेर पर हमला बरकरार रहा और 22 वें मिनट में फिर छोटे छोटे पास के जरिये डी में प्रवेश कर फैजान ने शानदार कीक मारकर टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। मध्यान्तर तक बढ़त के बाद दबाव में उतरी बीकानेर की टीम ने आक्रामक रूख अपनाते हुए जोधपुर पर हमले शुरू किये और आखिरकार 65 वें मिनट में बीकानेर के रामनिवास ने जोधपुर रक्षा पंक्ति को भेदते हुए गोल कर टीम की बढ़त को कम किया। फिर भी टीम जीत नहीं पाई। इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित,विशिष्टि अतिथि कन्हैयालाल कल्ला व महेश व्यास ने खिलाडिय़ों का परिचय लिया और कीक मारकर प्रतियोगिता का विधिवत आगाज किया। इस अवसर पर अतिथियों ने मास्टर बच्ची के तेलचित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित की। अतिथियों ने रामनिवास को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया। सचिव भरत पुरोहित ने बताया कि डीएफए भीलवाड़ा व नोहर फुटबाल क्लब के बीच मैच खेला जाएगा।
महिला दिवस पर दिखा सशक्तिकरण का रंग
मास्टर बच्ची क्लब समिति की ओर से शुरू हुए पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता में उद्घाटन अवसर पर महिला सशक्तिकरण का रंग देखने को मिला। 28 वर्ष के अंतराल में जब पहली बार दो महिलाओं ने बारमहापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित व एड विजयलक्ष्मी पुरोहित ने न केवल प्रतियोगिता का फुटबाल की कीक मारकर शुभारंभ किया बल्कि खिलाडिय़ों का परिचय कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। इस दौरान उनके साथ समिति अध्यक्ष सुनील बांठिया,विमल राय आचार्य,शंकर पुरोहित भी मौजूद रहे।

Thar पोस्ट। बीकानेर जयपुर रोड स्थित
श्री कुलदेवी शक्तिपीठ में फ़ाग महोत्सव का आयोजन दिनांक 12 मार्च शनिवार को दोपहर 2 बजे किया जायेगा। इस अवसर पर प्रख्यात गायिका प्रेमलता पणिया फ़ाग गीत प्रस्तुत करेगी। प्रसाद वितरण होगा। सभी श्रद्धालु सादर आमंत्रित है। ज्यो. प. उत्तम पारीक।

श्रीछःन्याति ब्राह्मण समाज का होली स्नेह मिलन 20 मार्च को

Thar पोस्ट। श्रीछःन्याति ब्राह्मण समाज बीकानेर का होली स्नेह मिलन समारोह 20 मार्च रविवार को प्रातः 10 बजे से रानीबाजार स्थित गौड़ सभा भवन में आयोजित किया जायेगा। आयोजन समिति सदस्य योगेन्द्र दाधीच तथा देवेन्द्र सारस्वत ने संयुक्त रूप से बताया कि होली स्नेह मिलन समारोह को लेकर आयोजित मीटिंग में सर्वसम्मति से निर्णय लेकर कार्यक्रम को अंतिम रुप दिया गया। समारोह में भगवान परशुराम का वैदिक मंत्रोच्चार से पूजन एवं महा आरती से कार्यक्रम का शुभारंभ किया जायेगा। भजन तथा देशभक्ति गीतों के संगीतमय कार्यक्रम होंगें। वहीं हास्य एवं व्यंग्य कवि सम्मेलन में समाज के लोकप्रिय कवियों द्वारा प्रस्तुतियां दी जायेगी। परस्पर परिचय सत्र भी होगा जिसमें समाज की युवा पीढ़ी एकदूसरे को और अधिक निकटता से जान सकेंगी। स्वजातियगणों के लिए सुरुचि स्नेह भोज की व्यवस्था भी गई है।
आयोजन से जुड़े सनाढ्य ईकाई अध्यक्ष किशन पांडे ने बताया कि श्रीछःन्याति समाज की सभी ईकाईयों सहित स्वजातियगणों को घर घर जाकर आमंत्रित किया जा रहा है। समारोह की सफलता के लिए विभिन्न समितियां बनाकर जिम्मेदारियां दी गई है।
समाज की मीटिंग में हुआ निमंत्रण पत्र का विमोचन
श्रीछःन्याति ब्राह्मण समाज के होली स्नेह मिलन समारोह के लिए निमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। जिसमें वाई के शर्मा योगी, श्रवण पालीवाल, एडवोकेट जगदीश प्रसाद गौड़, पंडित जयदेव शर्मा, श्रीधर शर्मा, वैद्य ओमप्रकाश गौड़, मदनलाल औझा, किशन पांडे, शिवप्रकाश दाधीच, भगवती प्रसाद गौड़, जुगल किशोर खंडेलवाल, डाॅ ब्रजेन्द्र त्रिपाठी, एडवोकेट विनोद शर्मा, योगेन्द्र दाधीच, भैरुं रतन जस्सू, देवेन्द्र सारस्वत, योगेश जोशी, देवदत्त शर्मा, इंजीनियर अतुल गौड़, ललित कौशिक, आत्माराम शर्मा, हिमांशु शर्मा, कुंजन शर्मा तथा मातृशक्ति आशा शर्मा, शशिकला शर्मा एवं निहारिका गर्ग शर्मा द्वारा विमोचन किया गया। आगुंतकों का आभार श्रवण पालीवाल द्वारा व्यक्त किया गया।