





Thar पोस्ट, बीकानेर। क्या बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ की रोही में देखा गया जानवर तेंदुआ ही है ? यहाँ के किसानों ने तेंदुआ होने का दावा किया है। किसानों में दहशत का माहौल है। इस डर के चलते किसान चार दिन से रात को पानी की लाइनें भी अपने खेतों में नहीं बदल पा रहें है। गांव तोलियासर की रोही में मुन्नीनाथ के खेत में खेजड़ी के नीचे तेंदुए को देखने का दावा किया जा रहा है। शुक्रवार को वन विभाग की टीम के साथ करीब चार घण्टे 35-40 किसानों ने उसे तलाश करने का प्रयास किया परंतु कामयाबी नहीं मिली। किसानों का कहना है कि रात को 6-7 किसान मिलकर एक खेत में लाइन बदलने गए तो तेंदुए ने गुर्राहट के साथ उनका पीछा किया। सभी ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। किसान लेखराम जाट, तुलसीराम पुरोहित, सीताराम गोदारा, हीराराम जाट ने बताया कि सारी रात आग जला कर बैठे रहें। किसानों ने बताया इस तेंदुए ने उनका खाना, पीना और सोना भूला दिया और दहशत का माहौल बना दिया। डर के मारे किसान अपनी ढाणी से बाहर निकल नहीं पा रहें है। साथ गाय, भैंस, बकरियों की सुरक्षा की चिंता में जान सुख रही है। किसानों का दावा है कि ये तेंदुआ तोलियासर से सातलेरा के बीच की रोही में घूम रहा है।


