





Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान के बालोतरा जिले में भारतमाला रोड पर आगोलाई के पास देवीगढ़ क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में पाटोदी क्षेत्र के बाणियावास गांव के पूर्व सरपंच दलपत सिंह राजपुरोहित की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाणियावास के वर्तमान सरपंच एवं मंडल कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बाबूराम मेघवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दलपत सिंह राजपुरोहित की पत्नी भी घायल हुई हैं, जिनके पैर में फ्रैक्चर बताया गया है।

जानकारी के अनुसार घटना के बाद हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। देर रात हादसा उस समय हुआ जब कार भारतमाला हाईवे पर आगोलाई के पास लगाए गए बैरिकेड से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने पूर्व सरपंच दलपत सिंह राजपुरोहित को मृत घोषित कर दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल बाबूराम मेघवाल का आईसीयू में उपचार जारी है।