






Thar पोस्ट न्यूज। मौसम विभाग के अनुसार 2 जुलाई के बाद मॉनसून रफ्तार पकड़ेगा। राजस्थान के कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अगले 3-4 दिनों तक तेज मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही मौसम विभाग का कहना है कि 3 से 5 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान के और अधिक क्षेत्रों में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय होंगी। अनेक स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज होने की संभावना है। इससे प्रदेश में लंबे समय से चल रही गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। पश्चिमी राजस्थान के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। अगले 3-4 दिनों तक जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग में तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पश्चिमी राजस्थान व बॉर्डर के जिलों में नमी की मात्रा अधिक होने से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।

