





Thar पोस्ट न्यूज, बीकानेर। गणगौर पार्क स्थित शिव महा पुराण की संगीतमय कथा का आयोजन कथावाचक पंडित श्रीकमल महाराज के आचार्यत्व में किया जा रहा है।
आयोजन सहयोगीनी शोभा सारस्वत ने बताया कि प्रतिदिन शिव महापुराण कथा का संगीतमय वाचन प्रख्यात कथावाचक पंडित श्रीकमल महाराज के मुखारविंद द्वारा गणगौर पार्क स्थित श्रीबिलेश्वर महादेव मंदिर में किया जा रहा है।


शिव महापुराण कथा का वाचन करते हुए कथावाचक पंडित श्रीकमल महाराज ने द्वादश ज्योतिर्लिंग की देशभर में की गई स्थापना की कथाओं को विस्तार से बताया। श्रीकमल महाराज ने कहा कि शिव कल्याणकारी और निराकार है जो स्वयं की व्यवहारिक लीलाओं से सहजता का संदेश देते हैं। शिव और शक्ति दोनों एक ही हैं। कैलाशपति एक आदर्श गृहस्थी है जो पति अर्थात अर्द्धनारीश्वर और पिता की भूमिका निभाते देखे जा सकते है। वह स्त्री और पुरुष की समानता और परिवार में संतुलन बनाए रखने का सर्वोत्तम आदर्श प्रस्तुत करते हैं। शिव स्वयंभू अजन्मे और निराकार परब्रह्म भी हैं जो सभी प्राणियों का कल्याण करते हैं। शिव महापुराण कथा हमें यह आध्यात्मिक ज्ञान देती है कि जब तक जीव में ‘अहंकार’ रहता है तब तक उसे परमानंद ‘शिव’ की प्राप्ति नहीं होती। भगवान शिव का आलोकिक जीवन हमें त्याग, तपस्या और वैराग्य की सीख देता है जबकि भस्म और रुद्राक्ष का रहस्य सांसारिक मोह-माया को छोड़ने का प्रतीक है।
आयोजन से जुड़ी कमला देवी तंवर ने बताया कि शिव महापुराण कथा में विशेष रूप से सजाई गई सजीव झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जनसहयोग से आयोजित संगीतमय कथा वाचन प्रतिदिन दोपहर 12:30 से सायं 5 बजे तक किया जा रहा है। साथ ही नानी बाई रो मायरो का मारवाड़ी कथावाचन भी किया जायेगा।
भगवान त्र्यंबक को सांयकालीन महाआरती की गई तथा पंचमुखी रुद्राक्ष एवं प्रसाद वितरण किया गया। कथावाचक पंडित श्रीकमल महाराज द्वारा महापुराण कथा व्यवस्था में विशेष सहयोग देने वाली मातृशक्ति कमला देवी तंवर, शोभा सारस्वत, लाली देवी तंवर, ममता शर्मा, चन्द्रा मोदी, रामादेवी तंवर, खुशाल कंवर राजपूत, गायत्री तंवर, सुधा मोदी, मन्जु देवी, पुनम देवी तंवर, सावित्री देवी सारस्वा एवं महेश तंवर, अशोक पुरोहित, विष्णु तंवर तथा लालचंद माली को रुद्राक्ष श्रीफल एवं शाॅल औढ़ाकर सम्मानित किया गया।