Thar पोस्ट, जयपुर। राजस्थान में अब झमाझम बारिश के आसार बन रहे है। इसके लिए मौसम तंत्र सक्रिय हो रहा है। प्रदेश में एक पखवाड़े से ठहरे मानसून को आगे बढ़ाने के लिए स्थितियां अनूकुल होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे बाद मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद बंधी है। विभाग की माने तो मानसून के दस जुलाई से आगे बढऩे लगेगा। ऐसे में जुलाई माह के तीसरे हफ्ते में प्रदेश में अच्छी झमाझम होने के संकेत मिल रहे हैं। इस बीच प्रदेश के कुछ जिलों में छिटपुट बारिश हो सकती है। प्रदेश में जैसलमेर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, वनस्थली, अलवर, पिलानी, फलौदी, सवाई माधोपुर, धौलपुर, करौली, पाली, नागौर, टोंक का दिन का तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक रहा। सबसे अधिक तापमान करौली का 43.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।भीलवाड़ा में दिनभर उमस और गर्मी से लोग बेहाल रहे लोगों को शाम को हुई बारिश से राहत मिली। दोपहर में चिलचिलाती धूप ने पसीने छुड़ा दिए। शाम पांच बजे बाद मौसम ने पलटा खाया। आसमान में काली घटाएं छा गई। उसके बाद मेघ गर्जन के साथ आधा घण्टे बारिश हुई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया। शहर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।