Thar पोस्ट, दिल्ली। राजस्थान में कांग्रेस पार्टी में सियासी दावपेंच जारी है। जिस तरह पिछले कुछ दिनों से सचिन पायलट ने अपने समर्थकों के साथ अपनी ही सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की उससे लगने लगा कि शायद वो नाराज हैं। सचिन अनेक दिग्गज कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक भी कर चुके। उधर, पार्टी के दिग्गज नेता और राजस्थान प्रभारी अजय माकन ने पायलट के नाराजगी की खबरों को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट नाराज नहीं हैं और राज्य कैबिनेट एवं सरकार के निगमों और बोर्ड में खाली पदों को जल्द ही सबसे बातचीत कर भरा जाएगा। इस बीच पायलट शुक्रवार शाम को ही दिल्ली पहुंच चुके हैं, जहां आज पार्टी नेतृत्व के साथ उनकी मुलाकात और बात होगी।
अजय माकन के बयान के बाद ये माना जा रहा कि पार्टी नेतृत्व आगे की रणनीति बनाने में जुटा है। यही वजह है कि पार्टी पायलट को नाराज नहीं करना चाहेगी। इस बीच सचिन पायलट की दिल्ली में आज पार्टी नेताओं के साथ मुलाकात होगी। माना जा रहा कि इसमें किसी भी गतिरोध को टालने और आगे की रणनीति पर विचार किया जा सकता है।