Thar पोस्ट। ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी के मामले में मुख्य आरोपी भुवनेश शर्मा को पुलिस ने राउंड अप कर लिया है। वहीं गिरफ्तार चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उन पर दो दिन का रिमांड लिया गया है। जेएनवीसी थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज के मुताबिक चारों को 12 मई को पुनः कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बीती रात दबोचे गए सादुल गंज निवासी 48 वर्षीय सुनील कुमार के यहां सात खाली सिलेंडर भी जब्त किए बताते हैं। पुलिस के अनुसार भुवनेश फरार था, अब उसे राउंड अप किया जा चुका है। 
कोरोना काल में मौत के डर को हथियार बनाकर यह रैकेट लगातार ऑक्सीजन सप्लाई कर रहा था। 45 हजार रुपए प्रति सिलेंडर तक की दर से सिलेंडर बेचे जा रहे थे।
हैवानियत की हदें पार करने वाले इस पूरे रैकेट का मुख्य सरगना पीबीएम अस्पताल में पोस्टेड सरकारी कंपाउंडर भुवनेश शर्मा को बताया जा रहा है। बीएल मेमोरियल ट्रस्ट की आड़ में यह काला धंधा नागणेची स्कीम के मकान नंबर 24 से ऑपरेट हो रहा था।  रेड के समय इस मकान से 37 सिलेंडर व चार सदस्य मिले। जिनमें ट्रस्ट का मुनीम सादुलगंज निवासी सुनील कुमार, सीएमएचओ ऑफिस का संविदाकर्मी भीखमचंद, तिलकनगर डिस्पेंसरी का प्रभुदयाल पुत्र कृष्ण कुमार व एंबुलेंस चालक बलवीर सिंह पुत्र ओनाड़सिंह शामिल था।साभार।