Thar पोस्ट। कोरोना की मार के बीच अब राजस्थान में सम्पूर्ण लॉक डाउन की तैयारी है। प्रदेश की गहलोत सरकार राज्य में संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की ओर बढ़ रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंत्री समूह का गठन कर संकेत दे दिए हैं कि प्रदेश में लॉकडाउन लगाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए और सख्त कदम उठाने के लिए 5 मंत्रियों के एक समूह का गठन किया गया है। यह मंत्री समूह संभावित कदमों पर विचार कर गुरुवार को अपने सुझाव देगा। उसके आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
मंत्री समूह में ये मंत्री हैं शामिल
इस मंत्री समूह में नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल, जलदाय मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा, शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा तथा चिकित्सा राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग शामिल किया गया है. बैठक में आम राय थी कि संक्रमण की इस चिंताजनक स्थिति पर अंकुश लगाने के लिए कुछ समय तक विवाह आयोजनों को स्थगित कर दिया जाए. बहुत अधिक आवश्यकता हो तो केवल कोर्ट मैरिज ही की जाए. रेड अलर्ट कर्फ्यू की गाइडलाइन को सख्ती से लागू करते हुए आवागमन न्यूनतम किए जाने का सुझाव दिया गया।
125 करोड़ से 59 निकायों में लगेंगे ऑक्सीजन प्लांट
बैठक में बताया गया कि नगरीय विकास तथा स्वायत्त शासन विभाग ने राज्य के 59 निकाय क्षेत्रों में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की महत्वपूर्ण योजना तैयार की है. इस पर करीब 125 करोड़ रुपये खर्च होना अनुमानित है. करीब दो माह में ये प्लांट स्थापित हो सकेंगे. इनसे ऑक्सीजन की उपलब्धता में सुधार आएगा. बैठक में कहा गया कि दूसरी लहर के साथ-साथ तीसरी लहर की आशंका को ध्यान में रखते हुए प्रदेशवासियों की जीवन रक्षा के लिए राज्य सरकार को कोविड प्रबंधन के लिए जरूरी संसाधन समय रहते जुटा लेने चाहिए।