‌Tp न्यूज़। राजस्थान विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक संघ राष्ट्रीय ने राज्य में कोरोना की भयावह स्थिति को देखते हुए महाविद्यालय शिक्षकों के लिए वर्क फ्रॉम होम के आदेश अविलंब प्रसारित करने की मांग की है।संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ दीपक कुमार शर्मा ने बताया कि कोरोना की रोकथाम के लिए राज्य सरकार ने 14 अप्रेल, 2021 से 30 अप्रेल, 2021 तक सभी शिक्षण संस्थान बंद रखते हुए ‘वर्क फ्रॉम होम’ की गाइड लाइन जारी की है, लेकिन आयुक्तालय द्वारा अभी तक इस विषय में स्पष्ट दिशा निर्देश जारी नहीं होने के कारण राज्य के सभी महाविद्यालय अभी भी यथावत खुले हुए हैं, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति तथा विद्यार्थियों की विभिन्न कार्यों के लिए आवाजाही बनी हुयी है, जिससे कोरोना के सामूहिक संक्रमण का गंभीर खतरा बना हुआ है।

रुक्टा राष्ट्रीय के ‌प्रदेश महामंत्री डॉ सुशील कुमार बिस्सू ने बताया कि संचार माध्यमों से जानकारी मिली है कि राज्य के अनेक महाविद्यालयों यथा राजकीय महाविद्यालय,कोटा राजकीय कला महाविद्यालय,कोटा, जे डी बी महाविद्यालय, कालाडेरा एवं राजकीय महाविद्यालय,अजमेर, जोधपुर आदि में अनेक शिक्षक, कर्मचारी और उनके परिजन संक्रमित पाये गये हैं |कोटा में एक अति.प्रशासनिक अधिकारी एवं एक शिक्षिका के पति की दुखद मृत्यु का समाचार मिला है|कोटा में विद्यार्थियों ने भी महाविद्यालय को अविलम्ब बन्द करने की मांग की है|

‌ डॉ बिस्सू ने कहा कि रुक्टा राष्ट्रीय संगठन विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ ही राजस्थान के महाविद्यालयों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में कोरोना के गम्भीर सामूहिक संक्रमण के खतरे की आशंका से बहुत चिन्तित है| संगठन यह अनुभव करता है कि विद्यार्थियों के लिए ऑन लाइन मोड पर पढ़ाई की व्यवस्था से संक्रमण के प्रसार को रोकने में सहायता मिलेगी तथा शिक्षण कार्य भी अधिक प्रभावित नहीं होगा | अत: वर्तमान खतरनाक स्थितियों को देखते हुए संगठन का आग्रह है कि राज्य के महाविद्यालयों में ऑन लाइन शिक्षण की दिशा में अविलम्ब ‘वर्क फ्रॉम होम’ के आदेश आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा द्वारा प्रसारित किये जाए तथा विद्यार्थियों के समस्त कार्य ऑन लाइन मोड पर ही किये जायें।