IMG 20210410 WA0138 कोविड वैक्सीन पूर्ण सुरक्षित, प्रत्येक पात्र व्यक्ति लगवाए 'मंगल टीका': डॉ. कल्ला Rajasthan News Portal बीकानेर अपडेट
Share This News

Thar पोस्ट। बीकानेर। ऊर्जा तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बी डी कल्ला ने राजीव यूथ क्लब द्वारा आयोजित निःशुल्क कोविड टीकाकरण शिविर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोविड वेक्सीनेशन पूर्णतया सुरक्षित है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को कोरोना से बचाव का टीका जरूर लगाना चाहिए। उन्होंने उन्होंने राजीव यूथ क्लब द्वारा लगाए जा रहे इन शिविरों की सराहना की तथा कहा कि संस्था द्वारा ऐसे शिविर अनवरत रूप से लगाए जाएं। उन्होंने आमजन का आह्वान करते हुए कहा कि कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाना तथा दो गज की दूरी रखना बेहद जरूरी है। शहरवासी कोरोना एडवाइजरी की पालना करें, जिससे संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके।
डॉ. कल्ला ने 1 मई से प्रारंभ होने वाली मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना को सरकार की महत्वकांक्षी योजना बताया तथा कहा की कोई भी पात्र व्यक्ति इसके पंजीकरण से वंचित न रहे, इसके लिए भी स्वयंसेवी संस्थाएं आगे आएं। उन्होंने कहा कि निशुल्क दवाई और निशुल्क जांच योजना के बाद प्रत्येक परिवार के स्वास्थ्य के लिए पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने वाला राजस्थान, देश का पहला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा निरोगी राजस्थान बनाने का जो संकल्प लिया गया है, सरकार इसके प्रति कृत संकल्प है।
डॉ कल्ला ने बताया कि जिले में वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से बातचीत की है। भारत सरकार से प्राप्ति पर जल्द ही वैक्सीन उपलब्ध करवा दी जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शिव कुमार कश्यप ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के प्रावधानों के बारे में बताया। इस अवसर पर मनमोहन व्यास तथा द्वारका प्रसाद पच्चीसिया ने भी विचार रखे।
कार्यक्रम में कन्हैयालाल कल्ला, नारायणदास व्यास, राजीव यूथ क्लब के अध्यक्ष अनिल कल्ला, महेंद्र कल्ला, पार्षद शिव शंकर बिस्सा, शंकरलाल चूरा आदि मौजूद रहे। राजकुमार किराडू ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बिट्ठल बिस्सा ने किया।
इन केंद्रों का किया निरीक्षण
ऊर्जा मंत्री ने मुरलीधर व्यास कॉलोनी स्थित विवेक बाल सीनियर सेकंडरी तथा बंगला नगर स्थित हनुमान मंदिर में राजीव यूथ क्लब द्वारा लगाए गए शिविरों का भी अवलोकन किया। उन्होंने टीका लगवाने वालों से बातचीत की तथा दूसरों को प्रेरित करने का आह्वान किया।
यह रहे मौजूद
इजे दौरान स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ राजा चावला, आरसीएचओ डॉ आर के गुप्ता, सुरेश व्यास, श्रवण रंगा, गणेश मोहन व्यास, अमित चूरा, प्रमोद खजांची, नवरत्न सिंघवी, गोपाल व्यास, सुनील जोशी, रमेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

सोशल डिस्टेंसिंग की पालना के साथ डाॅ. कल्ला ने सुने अभाव अभियोग
ऊर्जा एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ बी. डी. कल्ला ने शनिवार को पवनपुरी स्थित आवास पर जनसुनवाई की। आमजन ने अपनी समस्याएं ऊर्जा मंत्री के समक्ष रखीं, इस पर डॉ. कल्ला ने सम्बन्धित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। डॉ कल्ला ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के कारण अभी कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। सरकार इसके प्रभावी मेनेजमेंट को लेकर कृत संकल्प है। आमजन भी अपनी जिम्मेदारी समझें तथा कोविड एडवाइजरी की पालना करें, जिससे संक्रमण की चैन को तोड़ा जा सके।जनसुनवाई में पानी, बिजली और सड़क से जुड़े प्रकरणों के निस्तारण के लिए आमजन ने परिवाद प्रस्तुत किए। जिनके निस्तारण के निर्देश डॉ. कल्ला ने दूरभाष पर सम्बन्धित अधिकारियों को दिए।

जॉइंट एनफोर्समेंट टीम करे सख्त कार्यवाही, नहीं हो ढिलाई
जिला कलक्टर नमित मेहता ने शनिवार को जॉइंट एनफोर्समेंट टीम (जेइटी) के सभी अधिकारियों की बैठक ली तथा कोविड एडवाइजरी का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ और अधिक सख्ती बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संक्रमण की बढ़ती गति के मद्देनजर किसी भी स्तर पर लापरवाही सहन नहीं की जाए। थानावार नियुक्त जॉइंट एनफोर्समेंट टीम के सभी सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में संयुक्त दौरा करें और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और सीजिंग की कार्यवाही को और अधिक बढ़ाया जाए। उन्होंने प्रतिदिन की जाने वाली कार्यवाही की रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए।
मेहता ने कहा कि सरकार द्वारा जारी प्रत्येक गाइडलाइन की शत-प्रतिशत पालना करवाई हो। कोरोना पॉजिटिव मरीजों के होम आइसोलेशन पर नजर रखी जाए। मिनी कन्टेन्टमेंट क्षेत्रों में किसी स्तर पर ढिलाई नहीं हो। प्रशासन, पुलिस, नगर निगम तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय रखें। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) अरुण प्रकाश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शैलेन्द्र सिंह इन्दोलिया सहित जेइटी के सभी सदस्य मौजूद रहे।

IMG 20210410 WA0137 कोविड वैक्सीन पूर्ण सुरक्षित, प्रत्येक पात्र व्यक्ति लगवाए 'मंगल टीका': डॉ. कल्ला Rajasthan News Portal बीकानेर अपडेट

Share This News