






Thar पोस्ट न्यूज। चुनाव से ठीक पहले राजस्थान पुलिस ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए 50 हजार से अधिक वाहनों की सघन जांच की है। पुलिस ने अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया। 929 स्थानों पर नाकाबंदी कर करीब 50 हजार 662 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 9,421 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

जानकारी के मुताबिक पुलिस महानिदेशक राजस्थान राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों के लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और नंबर प्लेट की जांच की। संदिग्ध लोगों की पहचान और सत्यापन के साथ पुलिस ने चोरी के वाहन, अवैध हथियार, मादक पदार्थ और अवैध शराब से जुड़े मामलों पर भी नजर रखी।
अतिरिक्त महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था वीके सिंह ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान 27,397 दोपहिया और 23,265 चौपहिया वाहनों की जांच की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 2,685, बिना सीट बेल्ट 987 और शराब पीकर वाहन चलाने वाले 345 चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
