







Thar पोस्ट न्यूज। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में आज की गई कार्रवाई चर्चा में रही। भारी पुलिस बल के बीच हिस्ट्रीशीटर मुराद, लादेन व तालिबान की डेढ़ करोड़ रूपयों की संपत्तियां फ्रीज की गई है। यह कार्रवाई दिल्ली की स्पेशल कोर्ट से आदेश लेकर एसपी मृदुल के निर्देशन में सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार ने की। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के भुट्टों के बास स्थित एक मकान व मुक्ताप्रसाद नगर स्थित निर्माणाधीन मकान व दुकानें फ्रीज कर दी गई है।


भुट्टों का बास निवासी मुराद हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हथियार तस्करी, नशा तस्करी व मारपीट के 17 मुकदमें दर्ज हैं। वह अभी मारपीट के मामले में जेल में बंद है। मुराद के पुत्र लादेन के खिलाफ हथियार तस्करी, नशा तस्करी व मारपीट के 10 मुकदमें दर्ज है। वहीं उसके भाई तालिबान पुत्र मुराद के खिलाफ 5 मुकदमें दर्ज है।पुलिस ने बताया कि लादेन व तालिबान हेरोइन तस्करी के मामले में अभी जेल में बंद है। दिल्ली की स्पेशल कोर्ट में बीकानेर पुलिस ने आरोपियों की संपत्ति फ्रीज करने की अर्जी लगाई थी। पुलिस ने कोर्ट में इस बात के सबूत दिए कि इन बाप-बेटों ने मिलकर नशा तस्करी से जो धन कमाया, उसी से ये संपत्तियां खरीदी गई है। एसपी मृदुल कच्छावा लगातार नशा तस्करों के खिलाफ एक्शन मोड पर हैं। इसके लिए व्हाट्स एप्प नंबर भी जारी किया गया है।
