





Thar पोस्ट। बीती रात एक आदेश जारी कर राजस्थान सरकार ने 178 आरएएस अधिकारियों के तबादले किये हैं। अधिकारियों के तबादले करने के साथ ही नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए। कार्मिक विभाग द्वारा जारी सूची में सचिव, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, रजिस्ट्रार और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए मुख्य सचिव कार्यालय में संयुक्त सचिव रहे मुकेश कुमार शर्मा को राज्य सूचना आयोग, जयपुर का सचिव नियुक्त किया गया है। राजस्थान स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक गौरव चतुर्वेदी को राजस्थान बीज निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। उन्हें यहां श्वेता चौहान की जगह लगाया गया है। बीज घूसकांड में पिछले दिनों एसीबी ने बीज निगम के अशासकीय निदेशक जुगल कुमार बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया था।
स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में संयुक्त शासन सचिव प्रवीण कुमार लेखरा को राजस्थान सिविल सेवा अपीलीय अधिकरण, जयपुर में रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मालाखेड़ा के अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अनुराग भार्गव को वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा का रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है। बीकानेर में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त रहे अरविंद सारस्वत को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में संयुक्त शासन सचिव बनाया गया है।
वहीं स्वायत्त शासन विभाग की अतिरिक्त निदेशक सीमा कुमारी को मुख्य सचिव कार्यालय में संयुक्त सचिव पद पर लगाया गया है। राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. विष्णु कौशिक को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में मंत्री के विशिष्ट सहायक की जिम्मेदारी दी गई है।
सिरोही जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गुलाबचंद प्रजापत को कोटा विश्वविद्यालय का रजिस्ट्रार बनाया गया है। पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा कर रहे प्रेमल स्वरूप नागर को ईजीएस, जयपुर में अतिरिक्त आयुक्त (प्रथम) नियुक्त किया गया है। कोटा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार राजपाल सिंह को उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) का सचिव बनाया गया है। हनुमानगढ़ जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश बिश्नोई को जोधपुर में भू-प्रबंध अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आबकारी विभाग में अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) डॉ. प्रवीण कुमार को राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग में अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार ने आदेश में सभी अधिकारियों को बिना कार्यग्रहण काल का लाभ लिए तत्काल नई नियुक्ति स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। इस तबादला सूची में कई उपखंड अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। केशवरायपाटन के एसडीएम ऋतुराज शर्मा को बांदीकुई का नया उपखंड अधिकारी बनाया गया है। वहीं वैर के एसडीएम गंगाधर मीणा को दौसा नगर विकास न्यास (यूआईटी) का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा महवा के एसडीएम प्रेमराज मीणा को करौली का नया उपखंड अधिकारी बनाया गया है।