Thar पोस्ट न्यूज, बीकानेर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने गुरुवार को वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 की बजट घोषणाओं की प्रगति समीक्षा की। उन्होंने 210 से अधिक घोषणाओं की घोषणावार फीडबैक लिया और इनके क्रियान्वयन के संबंध में अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रत्येक घोषणा का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। विभागीय अधिकारी इनकी नियमित समीक्षा करें। उन्होंने भूमि आवंटन के मामलों की जानकारी ली और लंबित प्रकरणों में अविलम्ब भू-आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारी अपने उच्च अधिकारियों से नियमित संपर्क रखें और यह सुनिश्चित करें।
प्रभारी मंत्री ने शहरी ई-बस सेवा से संबंधित अब तक की प्रगति जानी। बैठक में बताया गया कि ई-बस डीपो निर्माण से संबंधित कार्य प्रगति पर है तथा जुलाई के अंतिम सप्ताह तक पहले चरण में 75 ई-बसें प्राप्त होने की संभावना है। उन्होंने जिला अस्पताल में नवीन शिशु वार्ड और आईसीयू की स्थापना की समीक्षा की। जिले के ग्रामीण क्षेत्र, विशेष तौर पर सीमांत क्षेत्रों में नए उप स्वास्थ्य केन्द्र के प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए।
श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने पवनपुरी नागणेचीजी मंदिर रोड पर बनने वाले आरओबी, शहर के चार स्थानों पर बनने वाले नाॅइस माॅनिटरिंग सेंटर, पिंक टायलेट, प्रत्येक विधानसभा में पंद्रह-पंद्रह करोड़ रुपए की लागत से होने वाले सड़क कार्य सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अटल प्रगति पथ के निर्माण, कपिल सरोवर एवं करणी माता मंदिर के विकास कार्य सहित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन राज्य सरकार की मंशा के अनुसार किया जाए। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को इनका लाभ मिले, यह सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मानसून से पूर्व सड़कों को दुरूस्त कर लिया जाए। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों के कार्यों की जानकारी ली।
बैठक में संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा, नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) श्री उम्मेद सिंह रतनू और उपखण्ड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।