Thar पोस्ट। राज्य में अभी एक मौसम सिस्टम एक्टिव है। विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को जयपुर, भरतपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए 20 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विभाग के मुताबिक गुरुवार दोपहर बाद बीकानेर संभाग में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ आदि जिलों के साथ ही अलवर, झुंझुनूं और कोटपूतली-बहरोड़ के कई इलाकों में बादल छाए और बारिश हुई। श्रीगंगानगर और अलवर में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
राजधानी जयपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन पूरे दिन उमस बनी रही। मौसम विभाग ने शुक्रवार से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। उदयपुर, अजमेर और अलवर में भी आगामी 24 घंटों के दौरान मौसम के और सक्रिय होने के संकेत हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने और भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।