ताजा खबरे
IMG 20251231 100334 नीलगाय ने खोली पोल! 70 करोड़ की हीरोइन जब्त, पाकिस्तान से भेजी बीकानेर ? Rajasthan News Portal अंतरराष्ट्रीय
Share This News

Thar पोस्ट। बॉर्डर पर स्थित बीकानेर जिला अब पूर्णत नशे की जद में है। नशा व हथियार बीकानेर में सहज सुलभ है। तस्करी का एक ताज़ा मामला सामने आया है। बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों से पहले एक नीलगाय ने पूरे नेटवर्क की परत खोल दी। मिली जानकारी के मुताबिक पूगल के पास तड़के करीब चार बजे स्कूटी सवार एक संदिग्ध युवक नीलगाय से टकराकर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब स्कूटी की तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखी गई करीब 14 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह खेप खाजूवाला बॉर्डर क्षेत्र में पाकिस्तानी ड्रोन के जरिए गिराई गई थी। हादसे में घायल युवक की पहचान पाली जिले के सोजत के रेपड़वास निवासी खेताराम के रूप में हुई है। वह स्कूटी से खाजूवाला से पूगल की ओर जा रहा था और पूगल से करीब सात किलोमीटर पहले दुर्घटना हो गई। घायल युवक को 108 एम्बुलेंस की मदद से पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अभी बेहोश है। होश में आने के बाद तस्करी के बड़े नेटवर्क का पता चलने की संभावना है। मौके से उसका आधार कार्ड मिला है, जबकि स्कूटी किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत पाई गई है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन लेने के लिए तस्कर अकेला नहीं हो सकता। आशंका है कि उसके साथी आसपास मौजूद रहे होंगे, जो हादसे के बाद फरार हो गए। एजेंसियां ड्रोन के जरिए सप्लाई की पूरी कड़ी और स्थानीय नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं। पंजाब सीमा पर कड़ी निगरानी के बाद तस्करों ने बीकानेर-श्रीगंगानगर बेल्ट को नया रूट बनाना शुरू कर दिया है। पिछले चार महीनों में ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ गिराए जाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। ये है ताजा मामले –

9 जनवरी: चक 40 केजेडी में हेरोइन बरामद
11 फरवरी: चक 1 बीएम क्षेत्र में हेरोइन मिली
26 फरवरी: चक 24 केएनडी में पिस्तौल और कारतूस बरामद
21 अप्रैल: पूगल मार्ग पर स्कूटी से 14 किलो हेरोइन बरामद

आखिर स्कूटी ही क्यों

तस्करों ने चेकिंग से बचने के लिए बड़ी गाड़ी की बजाय स्कूटी का इस्तेमाल किया। रात की नाकाबंदी में छोटे वाहन पर कम शक होने का फायदा उठाया गया। इतनी बड़ी खेप का स्कूटी से निकलना सीमावर्ती इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस ने मामला दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है और घायल आरोपी के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है, जिससे पूरे नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद है।


Share This News