





Thar पोस्ट। कथित ढोंगी बाबा के खिलाफ एक और मामला दर्ज हुआ है। भोंदू बाबा अशोक खरात से जुड़ा एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले में सरकारवाड़ा पुलिस थाने में उसके खिलाफ तीसरा मामला दर्ज किया गया है। पारिवारिक विवाद से परेशान एक विवाहित महिला जब अशोक खरात के पास समाधान के लिए पहुंची, तो खरात ने खुद को त्रिकालज्ञानी और अवतारी पुरुष बताकर उसका भरोसा जीत लिया। उसने महिला को यह कहकर भ्रमित किया कि तुम पिछले जन्म की अप्सरा हो और तुम्हारा तलाक पहले से ही तय है। आरोप है कि इसी विश्वास का फायदा उठाकर उसने धार्मिक अनुष्ठान, भविष्यवाणी और तांत्रिक उपायों के नाम पर महिला का यौन शोषण किया। उसने महिला के मन में डर और झूठी उम्मीदें पैदा कर उसे अपने प्रभाव में बनाए रखा।





मामले का सबसे गंभीर पहलू तब सामने आया जब शिकायत में बताया गया कि शोषण के दौरान महिला गर्भवती हो गई। इसके बाद खरात ने उसे अपने कार्यालय में बुलाकर गर्भपात की दवाएं दीं। उसने महिला को यह कहकर भी बहकाया कि “मेरे भाग्य में दो शादियां हैं, तुम मुझसे विवाह कर लो, मैं तुम्हें और तुम्हारे बच्चों को सुखी रखूंगा।” शादी करने का झूठा वादा कर वह लगातार उसे गुमराह करता रहा।
इस पूरे मामले ने खरात की कथित भोंदूगिरी और महिलाओं के शोषण के गंभीर पहलुओं को उजागर कर दिया है। पुलिस जांच आगे बढ़ने के साथ ही और भी चौंकाने वाले खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन में कहा कि इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और वे कल सदन में विस्तृत जानकारी देंगे।