





Thar पोस्ट। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने वर्ष 2026 की बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक संशोधन करते हुए कुछ विषयों के परीक्षा समय में परिवर्तन किया है। बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बारहवीं कक्षा के कंप्यूटर विज्ञान, इंफॉर्मेटिक्स और चित्रकला विषय की परीक्षाएं अब सुबह की पारी के बजाय दोपहर की पारी में आयोजित की जाएंगी। पहले इन विषयों की परीक्षा सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक निर्धारित थी, लेकिन अब इन्हें दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। 17 फरवरी को होने वाली कंप्यूटर विज्ञान और इंफॉर्मेटिक्स विषय की परीक्षा संशोधित समय के अनुसार दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी। इसी प्रकार 24 फरवरी को आयोजित होने वाली चित्रकला विषय की परीक्षा भी इसी समयावधि में संपन्न कराई जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन विषयों को छोड़कर अन्य सभी विषयों की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।





बोर्ड ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे संशोधित समय-सारणी को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी करें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें। किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए छात्र समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहें और प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करें।