





Thar post news . बीकानेर में शुरू हुआ बीएसएफ गोल्फर्स टूर्नामेंट – देशभर से पहुंचे बीएसएफ के अधिकारी गोल्फ प्लेयर्स. सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा हर वर्ष आयोजित किए जाने वाले प्रतिष्ठित गोल्फर्स टूर्नामेंट का शुभारंभ आज बीएसएफ कैंप, बीकानेर के आकर्षक गोल्फ ग्राउंड में हुआ। इस टूर्नामेंट का उद्घाटन श्री एम एल गर्ग आई जी राजस्थान फ्रंटियर ने किया ।





बीएसएफ सेक्टर हैडक्वार्टर डीआईजी अजय लूथरा ने बताया कि बीएसएफ बीकानेर सेक्टर हैडक्वार्टर की मेजबानी में आयोजित इस दो दिवसीय टूर्नामेंट में इस बार देशभर के विभिन्न मुख्यालयों एवं फ्रंटियर्स से कुल 84 अधिकारी, जो गोल्फ प्लेयर्स हैं, भाग ले रहे हैं।
इस टूर्नामेंट में बीएसएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जिनमें प्रमुख रूप से श्री एम.एल. गर्ग, महानिरीक्षक (राजस्थान फ्रंटियर), डॉ. अतुल फुलझेले, आईपीएस, महानिरीक्षक, श्री मनिंदर प्रताप सिंह पंवार, आईपीएस, महानिरीक्षक (आईजीआईसीटी), श्री हरिलाल, महानिरीक्षक, श्री आलोक कुमार, महानिरीक्षक, तथा डॉ. आशीष कुमार, एमएस, महानिरीक्षक (मेडिकल) सम्मिलित हैं। इसके अलावा 20 डीआईजी और अनेक अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी प्रतियोगिता का हिस्सा बने हुए हैं।
बीएसएफ कैंप, बीकानेर में स्थित गोल्फ ग्राउंड को इस टूर्नामेंट के लिए विशेष रूप से विकसित और सजाया गया है। ग्राउंड की तैयारी एवं रखरखाव में श्री एम.एल. गर्ग, महानिरीक्षक राजस्थान फ्रंटियर, श्री पुष्पेंद्र सिंह राठौर, सेवानिवृत्त महानिरीक्षक, और श्री अजय लूथरा, उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) क्षेत्रीय मुख्यालय बीकानेर का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
डीआईजी अजय लूथरा ने बताया कि “इस टूर्नामेंट में लगभग 84 अधिकारी भाग ले रहे हैं जो गोल्फ प्लेयर्स हैं। इसी प्रतियोगिता के माध्यम से बीएसएफ की राष्ट्रीय स्तर की गोल्फ टीम का गठन किया जाएगा। बीएसएफ खेल के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। हाल ही में बीएसएफ की फुटबॉल टीम का गठन किया गया है, साथ ही ‘योग डे’ और ‘रन फॉर फन’ जैसे आयोजन भी बल की खेल संस्कृति को मजबूत कर रहे हैं।”
वहीं आईजीआईसीटी श्री मनिंदर प्रताप सिंह पंवार, आईपीएस ने कहा कि “राष्ट्रीय स्तर का ऐसा आयोजन बीकानेर में होना और राजस्थान में इतने सुंदर गोल्फ कोर्स का निर्माण तथा उसका संचालन स्वयं में अद्भुत है। बीएसएफ न केवल सीमा की सुरक्षा में अग्रणी है, बल्कि खेलों के माध्यम से अनुशासन, स्वास्थ्य और सौहार्द को भी बढ़ावा दे रहा है।”
दो दिवसीय यह टूर्नामेंट 16 और 17 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गोल्फर्स को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल्स और ट्रॉफी प्रदान की जाएंगी।
बीएसएफ बीकानेर क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से बताया गया कि यह आयोजन न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित करता है, बल्कि बल के अधिकारियों और जवानों के बीच आपसी सामंजस्य, फिटनेस और टीम स्पिरिट को भी सशक्त बनाता है।