





Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर में कोटगेट और सांखला रेलवे फाटक की समस्या का समाधान कब होगा ? रेलवे अंडरपास प्रोजेक्ट को लेकर नई खबर आई है। बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) ने जमीन अवाप्ति (अधिग्रहण) की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है। दो महीने पहले जारी नोटिफिकेशन के बाद मिले 60 दिनों में कुल 41 आपत्तियां सामने आई थीं। इनमें से करीब 10 आपत्तियों पर बीडीए जवाब तैयार कर रहा है।





जबकि अधिकांश आपत्तियां प्रशासन के नियंत्रण में हैं। अब आपत्तियों के निस्तारण के बाद एक महीने के भीतर अवार्ड जारी होने की संभावना है। यानि अब इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के रास्ते की लगभग सारी बाधाएं दूर होती दिख रही हैं।
एक तरफ बीडीए जमीन अधिग्रहण का काम पूरा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) ने भी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। कोटगेट अंडरपास के लिए 10 करोड़ रुपये, सांखला फाटक अंडरपास के लिए 25 करोड़ रुपये कुल मिलाकर 35 करोड़ रुपये की लागत से दोनों अंडरपासों का निर्माण प्रस्तावित है।
हालांकि सरकार की मंशा शहर को जाम से राहत देने की है, लेकिन तकनीकी दृष्टि से कुछ चुनौतियां अब भी बरकरार हैं। बारिश के दिनों में अंडरपास में पानी भरने से रोकने के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं होगी। ऐसे में भारी वर्षा के दौरान अंडरपास बंद रहने की संभावना बनी रहेगी। प्रशासन ने बताया कि, पंपिंग सिस्टम से पानी निकासी की व्यवस्था की जाएगी, लेकिन जब तक पानी नहीं निकलता, तब तक मार्ग बंद रहेगा।
बीकानेर विकास प्राधिकरण को मिली कई आपत्तियां इस प्रोजेक्ट के विरोध में हैं। कुछ नागरिकों का कहना है कि अंडरपास से बाजार क्षेत्र का व्यावसायिक प्रवाह प्रभावित होगा, वहीं कई दुकानदार मुआवजे को लेकर असंतुष्ट हैं। फिर भी, बीडीए का कहना है कि, यह जनहित में सरकार का फैसला है इसलिए योजना को आगे बढ़ाया जाएगा।