Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर शहर और देहात सेवादल की ओर से संयुक्त रूप से 16 सितंबर से 18 सितंबर 2025 तक तीन दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बीकानेर में किया जा रहा है। आज सर्किट हाउस में हुई प्रेस वार्ता में सेवादल के जोन प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कमल कल्ला ने बताया कि तीन दिवसीय यह आवासीय प्रशिक्षण शिविर बीकानेर में जस्सूसर गेट के अंदर सीताराम भवन में किया जाएगा। तीन दिनों तक इस पूरे आयोजन के लिए सीताराम भवन को सेवा आश्रम का रूप दे दिया जायेगा। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में सम्पूर्ण जिले से 600 श्वेत सैनिक हिस्सा लेंगे। इस समस्त श्वेत सैनिकों को राष्ट्रीय स्तर के विचारक और ट्रेनर प्रशिक्षण देंगे।
सेवादल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का एक संगठन है। इस संगठन की भारत के सभी राज्यों में शाखाएँ हैं। इसके प्रमुख मुख्य संगठक श्री लालजी देसाई हैं। सेवादल की स्थापना 28 दिसम्बर 1923 को हुई। इसकी स्थापना आजादी के आंदोलन को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए की गई ताकि युवाओं में आजादी के आंदोलन के प्रति जोश और जज्बा पैदा किया जा सके। सेवादल की स्थापना नारायण सुब्बाराव हार्डिकर ने की थी। सेवादल के प्रथम अध्यक्ष जवाहरलाल नेहरू थे। मौजूदा अध्यक्ष लालजी भाई देसाई के नेतृत्व में विभिन्न नवाचारांे, संघर्ष और क्रांतिकारी कदमों के कारण सेवादल ने देश और दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। भारत का प्रत्येक नागरिक सेवादल को अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण के रूप में देखता है। आज का सेवादल सात विभागों के साथ अपना काम कर रहा है, उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव के रूप में राष्टीय स्तर से लेकर जिला स्तर तक ये सातों विभाग आज अपना कार्य कर रहे हैं । इसी क्रम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सेवादल के उर्जावान एवम यशस्वी प्रदेश अध्यक्ष हेमसिंह जी शेखावत के नेतृत्व में समाप्त होते वर्ष में बीस हजार श्वेत सैनिकों की फौज तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है जिसमें से विगत बीस दिन में ही आधे लक्ष्य को प्राप्त कर लिया गया है। इस हेतु प्रदेश मुख्य संगठक जी का बीकानेर इकाई अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त करती है।
यह बेसिक कैम्प है जिसमें हमारा प्रयास है कि 600 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जाए ताकि आने वाले समय में बीकानेर कम से कम 10 रत्नाकर दे सके जो राष्टसेवा में अपना सहयोग प्रदान कर सके।
इसी क्रम में स दौरान प्रतिदिन सबसे पहले सुबह ध्वज वंदन किया जाएगा उसके बाद परेड होगी और श्वेत सैनिकों को व्यायाम करवाया जाएगा। प्रतिदिन इस प्रशिक्षण में बौद्धिक सत्रों के माध्यम से, देश और सेवादल का इतिहास, झंडा संहिता, मौजूदा राजनैतिक परिस्थियों में लोकतंत्र की प्रासांगिकता और भविष्य के लिए और अधिक सुदृढ होकर राष्ट सेवा का समर्पण विषय पर प्र्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन विभिन्न विषयों पर व्याख्यान होंगे और संगठन को सृजन करने, संगठन को सुदृढ बनाने के संदर्भ में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति, रजिस्ट्रेशन समिति, आवास समिति, मीडिया समिति, परिवेदना समिति, भोजन सामग्री समिति, यातायात समिति का गठन किया गया है और इन समितियों ने अपनी समस्त तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इस शिविर में सेवादल के राष्ट्रीय और प्रदेश के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे और इस शिविर के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के बड़े नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर सेवादल के जिला अध्यक्ष अनिल व्यास, देहात अध्यक्ष, महिला अध्यक्ष, युवा अध्यक्ष सहित समस्त पदाधिकारी और आयोजन के जुडे लोग उपस्थित थे।