





Thar पोस्ट न्यूज। एडवेंचर टूरिज्म की लगातार लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है लेकिन यह कई बार खतरनाक भी हो सकता है। पर्यटन स्थल सम में स्थित लखमणा ड्यून्स पर सफारी के दौरान एक तेज रफ्तार जीप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार महिला पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पर्यटक घायल हो गए। महाराष्ट्र के नासिक से आए पर्यटकों का एक समूह प्रसिद्ध रेत की टीलों पर रोमांचकारी सफारी का आनंद लेने यहां पहुंचा 60 वर्षीय महिला आशा निवरी अपने परिवार व अन्य लोगों के साथ घूमने आई थीं। सफारी के दौरान अचानक जीप के पलटने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सम लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों में संगीता (55), तेजल (18) और सबीहा (56) को प्रारंभिक उपचार के बाद जैसलमेर के जवाहर हॉस्पिटल रैफर किया गया, जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।





जीप चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन सम थाना पुलिस के एएसआई ओमप्रकाश विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार्रवाई की और बाद में फरार चालक मगन खान को हिरासत में लेकर उसकी जीप को जब्त कर लिया। एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि नासिक से 34 लोगों का एक पर्यटक दल जैसलमेर भ्रमण पर आया था। उसी दल की एक जीप शाम को लखमणा ड्यून्स की ओर रवाना हुई थी, जहां तेज गति और संभवतः असंतुलित ड्राइविंग के चलते यह हादसा हुआ। मृतका आशा निवरी के पुत्र की शिकायत पर चालक मगन खान के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और पर्यटकों की जान को खतरे में डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।