Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर आईजी ने एक आदेश जारी कर 4 एसआई को बर्खास्त किया है। राजस्थान में वर्ष 2021 की एसआई भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले दोषी अधिकारियों पर गाज गिर रही है। बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश पासवान ने अब तक कुल छह सब इंस्पेक्टरों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। श्रीगंगानगर में पदस्थ चार सब इंस्पेक्टर मनीष बेनीवाल, जयराज सिंह, अंकिता गोदारा और मनीषा सिहाग को सेवा से हटा दिया गया है।
जयपुर जेल में बंद श्रवण कुमार गोदारा और मंजू बिश्नोई को भी बर्खास्त किया गया था। वर्ष 2021 की एसआई भर्ती परीक्षा में हेराफेरी कर पुलिस सेवा में शामिल हुए इन अधिकारियों के खिलाफ जांच के दौरान पुख्ता सबूत मिले थे। इसके बाद सेवा नियमों के तहत इन पर कार्रवाई करते हुए सीधे बर्खास्तगी के आदेश जारी किए गए।
आईजी ओमप्रकाश पासवान ने बताया कि यह कार्रवाई सेवा से बर्खास्तगी नियम सीसीए 19 (2) के तहत की गई है। दोषी पाए गए एसआई को निलंबित करने के बजाय सीधे सेवा से हटाया गया है, ताकि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार को खत्म किया जा सके।
स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एसआई भर्ती परीक्षा घोटाले में इन अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच में इन पर लगे आरोप सही पाए गए, जिसके बाद बर्खास्तगी का फैसला लिया गया। एसआई भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में कुछ और पुलिस अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है।