Thar पोस्ट, न्यूज। बीकानेर संभाग के जिलों में पुलिस की 203 टीमों ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई की है। प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर वांछित अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। राजस्थान पुलिस महानिदेशक के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, अपराध शाखा राजस्थान जयपुर के पर्यवेक्षक में बीकानेर रेंज के अधीनस्थ बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ व अनूपगढ़ में सक्रिय एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक ओम प्रकाश के अनुसार रेंज के समस्त जिला पुलिस अधीक्षक को थानावार एवं ग्रामवार अपराधियों की सूचियां तैयार करने एवं उनकी धरपकड़ के लिए विभिन्न टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए। सभी जिला पुलिस अधीक्षक से समन्वय स्थापित कर वांछित व सक्रिय अपराधियों की सूची तथा रेड टीमें एवं रूट्स तैयार कर उन्हें अन्तिम रूप दिया गया। इस एक दिवसीय विशेष अभियान में अधिकतम पुलिसकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई और समस्त थानों, ऑफिस, पुलिस लाईन, क्यूआरटी, आरएसी आदि को नियोजित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वयं टीमों को ब्रीफ कर रवाना किया गया।
चारों जिलों में 885 पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की 203 टीमों द्वारा कुल 955 स्थानों पर दबिश दी गई। अभियान के दौरान कुल 370 अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही की गई।
इनमें से 136 स्थाई वारन्टी / उद्घोषित अपराधी / मफरूर / गिरफ्तारी वारन्टी में वान्छित अपराधी पकड़े गए। 142 से अधिक ऐसे अपराधियों को गिरफ्तार किया गया जो सार्वजनिक स्थानों पर झगड़ा / लोक शांति भंग करते / शराब के नशे में आवागमन में व्यवधान पैदा करते तथा नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए। अवैध हथियार रखने वालों के विरूद्ध Arms Act के 02 प्रकरण दर्ज किए गए और 03 अपराधी गिरफ्तार किए गए। इनके कब्जा से एक एमएलगन, 01 अवैध देशी कट्टा व 01 अवैध पिस्तौल 315 बोर व 01 कारतूस जब्त किए गए।
28 प्रकरण अवैध शराब का धंधा करने वालों के विरूद्ध दर्ज किए गए, जिनमें 19 अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जा से 165.48 लीटर देशी शराब, 52 लीटर हथकड़ शराब, बरामद की गई ।