Thar पोस्ट, न्यूज। राजस्थान की महिलाओं और बालिकाओं को रोडवेज बस के मासिक पास बनवाने पर किराए में 90 फीसदी की छूट दी जाएगी। घोषणा के दो दिन बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। विधानसभा चुनाव से पहले ही महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलने लगेगा। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद अब रोडवेज बस का मासिक पास बनवाने वाली बालिकाओं और महिलाओं को महज किराए की 10 प्रतिशत राशि देनी होगी। यह छूट राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की साधारण और द्रुतगामी बसों में प्रदेश की सीमा में देय होगी। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा महिलाओं और पुरुषों को करीब 1.61 लाख मासिक यात्रा पास जारी किए गए हैं। ये पास किराए की राशि में 45 प्रतिशत की छूट देकर जारी किए जाते हैं। अब महिलाओं और बालिकाओं को 90 प्रतिशत की छूट दिए जाने से मासिक पास की संख्या में दोगुनी वृद्धि देखने को मिल सकती है।
चुनाव से पहले लागू
सीएम अशोक गहलोत ने चुनाव से पहले इस छूट को लागू कर के एक और मास्ट स्ट्रोक चला है। इससे महिलाओं को फायदा होगा, जिसका असर राजस्थान विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिल सकता है।