Thar पोस्ट। बीकानेर के परकोटे के व्यस्ततम नत्थूसर गेट पर आज उस वक्त भीड़ एकत्रित हो गई जब निगम आयुक्त ने नत्थूसर गेट के अंदर निर्माणाधीन एक मकान के काम को रुकवा दिया। आरोप है कि इस दौरान निगम आयुक्त ने मकान मालिक को धमकी भी दी। यह खबर आग की तरह फैली और मौके पर भाजपा नेता जेठानंद व्यास और महेश व्यास भी पहुंचे और वहां पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मकान मालिक ने बताया कि निगम आयुक्त ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया साथ ही उन्होंने धमकी दी की चल रहे मकान कार्य को तुड़वा दिया जाएगा, जबकि उनके पास जमीन का न केवल पट्टा है बल्कि उनका मकान वर्षों से यहां बना हुआ है और अब मकान का नवनिर्माण करवाया जा रहा है। गेट के अंदर मौके पर पहुंचे भाजपा नेता जेठानंद व्यास ने कहा कि मकान मालिक के पास पट्टा भी है और निगम की परमिशन भी उसके बावजूद बेवजह लोगों को परेशान किया जा रहा है। भाजपा नेता महेश व्यास ने भी निगम आयुक्त के व्यवहार की आलोचना की।