Thar पोस्ट, न्यूज। पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर जिले के देवीकोट इलाके के छोड़ गांव के पास एक ट्रक में आग लग जाने से हड़कंप मच गया। आग का गोला बने ट्रक को देखकर लोगों ने पुलिस को जानकारी देकर बुलाया। मौके पर आई देवीकोट चौकी पुलिस ने सिविल डिफेंस की दमकल को मौके पर बुलाया। मौके पर पहुंची सिविल डिफेंस की दो फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आग से पूरा ट्रक ही जल गया। ट्रक में बिजली के सामान का स्क्रैप भरा हुआ था। देवीकोट चौकी के ASI दीप सिंह के अनुसार ट्रक स्क्रैप से भरा था और मूंदरा गुजरात से जालंधर पंजाब की तरफ जा रहा था। इस दौरान छोड़ गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 6 बजे चलते ट्रक में ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई। ट्रक सड़क से 40 मीटर नीचे उतर गया। ट्रक का टायर पत्थर से टकराया और ट्रक की बैटरी पर लगा। ट्रक रुक गया लेकिन बैटरी ने आग पकड़ ली। अचानक लगी आग से ट्रक ड्राइवर को लपटों ने घेरा। ड्राइवर ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।