Thar पोस्ट, न्यूज। बीकानेर रेंज में नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामले सबसे ज्यादा 37.33 फीसदी बढ़े हैं। जोधपुर रेंज में 8.51, भरतपुर 4.60, जयपुर रेंज में 3.20 और कोटा रेंज में 1.23 फीसदी का इजाफा हुआ है। आंकड़ों के अनुसार इन रेंज में बच्चियों को ज्यादा खतरा है। यह जानकारी राजस्थान पुलिस की रिपोर्ट में दी गई है।

महिलाओं के साथ दुष्कर्म के मामले
राजधानी जयपुर रेंज में महिलाओं के साथ रेप की घटनाएं 7.84 प्रतिशत बढ़ी हैं। वहीं, बीकानेर रेंज में ये आंकड़ा 4.78 फीसदी है। बाकी अन्य रेंज में दुष्कर्म के मामलों में कमी आई है।  

प्रदेश में जून माह तक महिला अत्याचार के 38936 केस दर्ज हुए। पुलिस ने जांच कर 2331 मामलों में एफआर लगा दी। वहीं,  2919 मामलों में जांच के बाद अदालत में चालान पेश किया गया है। 86.52 प्रतिशत केस अभी पेंडिंग हैं। 

अपने ही मासूमों को दे रहे दर्द
दुष्कर्म के ज्यादातर मामलों में पीड़िताओं के परिचित ही आरोपी हैं। ये बात भी राजस्थान पुलिस की रिपोर्ट में सामने आई है। यानी अपने ही मासूम बच्चियों को जिंदगी भर का दर्द दे रहे हैं।

राजस्थान में 10 साल की बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामलों में 2.79 फीसदी का इजाफा हुआ है। वहीं, महिलाओं से दुष्कर्म के मामलों में 4.37 फीसदी की कमी आई है।