Thar पोस्ट। राजस्थान में मानसून ने एंट्री कर ली है। इस बार मानसून ने प्रदेश के पूर्व में भरतपुर और दक्षिण में कोटा -बूंदी -झालावाड़-बारां के रास्ते एंट्री की है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, अलवर, दौसा, जयपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, धौलपुर में मानसून एक्टिव हो गया है। वहीं दक्षिणी राजस्थान में कोटा, बूंदी, झालावाड़, बारां, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, उदयपुर और चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा जिलों में मानसून छा गया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार राजस्थान में मानसून छा जाने और एक्टिव होने में अभी दो से चार दिन का समय लगेगा। 26 से 28 जून तक राजस्थान में अच्छी बारिश होगी। इन जिलों में एलर्ट :

मौसम विभाग ने दक्षिण राजस्थान के आठ जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारां, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़ और उदयपुर जिले इनमें शामिल हैं। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, नागौर, पाली और श्रीगंगानगर जिलों में 26 से 28 जून तक हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होगी।