Thar पोस्ट, न्यूज। बीकानेर जिले के खाजूवाला में सनसनीखेज मामले के बाद प्रशासन में हड़कम्प मचा हुआ है। कॉलेज छात्रा का शव मिलने के बाद से गैंग रैप कर हत्या करने के आरोप लग रहे हैं। मामले में एक युवक सहित खाजूवाला थाने के ही दो कांस्टेबलों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है। एसपी तेजस्वनी गौतम ने घटना को गंभीर बताते हुए आरोपी कांस्टेबलों को सस्पेंड कर दिया है। एसपी ने बताया कि युवती गांव से खाजूवाला पढ़ने आती थी। इस मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीपक कुमार को सौंपी है। 

इस बारे में दीपक कुमार ने बताया कि दिनेश विश्नोई सहित कांस्टेबल मनोज व कांस्टेबल भागीरथ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी दिनेश फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। दो मंजिला मकान के सामने युवती का शव मिला, वहां उसने दूसरी मंजिल पर एक कमरा ले रखा है। जबकि उसका घर थोड़ा अंदर की ओर है। युवती सुबह दस बजे घर से निकली थी। उसके बाद उसका शव मिलने की खबर आई। एएसपी के अनुसार युवती के शव पर किसी भी प्रकार की चोट के निशान नहीं है। गले पर भी कोई निशान नहीं है। ऐसे में हत्या हुई है या नहीं, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर तथा जांच के बाद ही पता चलेगा। दलित युवती का शव मिलने के बाद खाजूवाला में ग्रामीण इकट्ठे हो गए। पूर्व संसदीय सचिव डॉ विश्वनाथ मेघवाल भी थाने पहुंचे। मंत्री गोविंद राम ने निष्पक्ष जांच करने के लिए कहा है।