श्रीकोलायत क्षेत्र में बनेंगे सात नए ट्यूबवेल
ऊर्जा मंत्री की अभिशंसा पर राज्य सरकार ने दी स्वीकृति
Thar पोस्ट। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी की अनुशंषा पर राज्य सरकार ने श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र में 7 नए ट्यूबवेल की स्वीकृति जारी की है।ऊर्जा मंत्री ने बताया कि श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के लिए 2 करोड़ 76 लाख रुपए की लागत से 7 नवीन ट्यूबवेल बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नांदड़ा में 35 लाख 33 हजार रुपए, जियाराम जी की झुंपी भेलू में 38 लाख 83 हजार, हदां में 38 लाख 30 हजार, नांदड़ा के मेघवालों के मोहल्ले में 35 लाख 33 हजार, ग्राम खारी चारणान में 45 लाख 18 हजार तथा ग्राम शरह अडवायत में 38 लाख 98 रुपए की लागत से नवीन ट्यूबवेल का निर्माण करवाया जायेगा।
ऊर्जा मंत्री ने नवीन ट्यूबवेल स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री महेश जोशी का आभार व्यक्त किया है।

किसानों को मिले पट्टे, पचास वर्षों की समस्या का हुआ समाधान
आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा, आमजन को मिले राहत, यही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
Thar पोस्ट। आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने शुक्रवार को दंतौर, आवां और रामड़ा में आयोजित प्रशासन गांवों के संग और महंगाई राहत कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने अमरपुरा में किसानों को खातेदारी के 28 पट्टे भी वितरित किए। लगभग पचास वर्षों से लंबित समस्या का समाधान का समाधान पाकर किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। आपदा प्रबंधन मंत्री ने इस दौरान कहा कि ग्रामीणों को राहत मिले तथा लंबित समस्याओं का समाधान हो, यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों द्वारा खातेदारी पट्टे से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूर्व में की गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से अब तक इन्हें पट्टे नहीं मिले थे अब उन्हें उनका अधिकार मिल गया है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य के साथ यह शिविर आयोजित हो रहे हैं और यह शिविर आमजन के लिए लाभदायक साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी इन शिविरों की नियमित माॅनिटरिंग करें और सुनिश्चित करें कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का नियमसम्मत निस्तारण संभव हो सके।
आपदा प्रबंधन मंत्री ने शिविरों में लगाए गए विभागीय स्टाॅल्स का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड वितरित किए और कहा कि महंगाई पर काबू पाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे इन शिविरों के प्रति आमजन में उत्साह का माहौल है। अब तक लगभग 87 प्रतिशत परिवारों ने इन शिविरों में अपना पंजीकरण करवा लिया है। सभी लाभार्थियों को पात्रता के अनुसार योजनाओं के लाभ की गारंटी मिली है और इनका समयबद्ध लाभ भी मिलेगा। उन्होंने आमजन की समस्याएं भी सुनी और इनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस दौरान दंतौर सरपंच खालक खान पसिहार, आवा सरपंच मामराज सारण, उपखंड अधिकारी सीता शर्मा, खाजूवाला उपखंड अधिकारी श्योराम मौजूद रहे।

जुगल व्यास होंगे बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष तीन सदस्य भी किए मनोनीत
Thar पोस्ट एडवोकेट जुगल किशोर व्यास जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष होंगे। बाल अधिकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। इसके अनुसार व्यास को अध्यक्ष तथा हाजरा बानो, जन्मेजय व्यास और सुनीता को सदस्य मनोनीत किया गया है। किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015 की धारा 27(9) एवं आदर्श नियम 2016 के नियम 15(4) के प्रावधानों के तहत यह मनोनयन किया गया है। अध्यक्ष एवं सदस्यों का कार्यकाल अधिसूचना के राजपत्र में प्रकाशन होने की तिथि से तीन वर्ष के लिए होगा। नव मनोनीत अध्यक्ष व्यास वर्तमान में बाल कल्याण समिति के सदस्य हैं। व्यास पूर्व में नगर निगम में विधि सलाहकार, एडीजे नं. 4 में अतिरिक्त लोक अभियोजक एवं राजकीय अभिभाषक रह चुके हैं। व्यास ने बताया कि किशोर न्याय अधिनियम में समिति को न्याय पीठ में कार्य करते हुए प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की शक्ति होगी।

हिंदी-राजस्थानी और उर्दू रचनाकारों ने गीतों-दोहों और शायरियों से दिया संदेश
मतदाता जागरुकता अभियान के तहत आयोजित हुई काव्य गोष्ठी
Thar पोस्ट। शहर के कवियों और शायरों ने हिंदी, राजस्थानी और उर्दू रचनाओं के माध्यम से मतदाता सूचियों में नाम जुड़वाने और निर्वाचन के दौरान शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के निर्देशानुसार स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा सूचना केन्द्र सभागार में आयोजित काव्य गोष्ठी के दौरान कासिम बीकानेरी ने ‘जात-पात के नाम पर मत देना तुम वोट’ के साथ काव्य गोष्ठी की शुरूआत की। कवि बाबूलाल छंगाणी ने राजस्थानी गीत ‘वोटिंग करणी है’, राजाराम स्वर्णकार ने ‘जागरण री बेळा आई’, बुनियाद ज़हीन ने ‘महकता है लोकतंत्र, जुगल पुरोहित ने ‘मन में खुशियां रहें, वोटों की शक्ति जाने’ जैसे गीत प्रस्तुत किए। वहीं राजेन्द्र स्वर्णकार ने ‘रहना सजग सचेत वोटर हर पल’, मनीष आर्य सोनी ने ‘टाबरियां ले सागै टुरगी, छोड़ धीणै नैं पाळी टुरगी’ और कार्यक्रम संयोजक संजय पुरोहित ने ‘लोकतंत्र है मान मुल्क का’ गीत के माध्यम से श्रोताओं को बांधे रखा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनसंपर्क विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक दिनेश चंद्र सक्सेना थे। उन्होंने कहा कि काव्य रचनाओं के माध्यम से किसी संदेश का बेहतरीन संप्रेषण हो सकता है। अध्यक्षता वरिष्ठ लेखाधिकारी राजेन्द्र खत्री ने की। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरुकता के सतत अभियानों की बदौलत अच्छे परिणाम आए हैं। इस क्रम को अनवरत बनाए रखना जरूरी है।
इससे पहले स्वीप के सह संयोजक हरि शंकर आचार्य ने जागरुकता गतिविधियों की आवश्यकता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। प्रकोष्ठ के गोपाल जोशी ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन संजय पुरोहित ने किया।
इस दौरान डाॅ. अजय जोशी, आत्मा राम भाटी, सहायक जनसंपर्क अधिकारी निकिता भाटी, महेश उपाध्याय, फिरोज खान, सुधीर मिश्रा, परमनाथ सिद्ध, पवन खत्री, प्रियांशु आचार्य और नवरत्न जोशी आदि मौजूद रहे।
स्वीप से जुड़े अधिकारियों की कार्यशाला सोमवार कोमतदाता जागरुकता अभियान के तहत सोमवार को जिला परिषद सभागार में प्रातः 11.15 बजे स्वीप से जुड़े अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित होगी। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के. ने बताया कि कार्यशाला में स्वीप से जुड़े इक्कीस विभागों, विधानसभा स्तरीय समर्पित ईआरओ तथा स्वीप प्रकोष्ठ के सदस्य मौजूद रहेंगे। कार्यशाला के दौरान स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर डाॅ. वाई.बी. माथुर, डाॅ. सुरेन्द्र राठी आदि के द्वारा निर्वाचन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शाकद्वीपीय समर कैंप 2023 का हुआ समापन

Thar पोस्ट। राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्रह्मण महासभा व शिव शक्ति परिवार के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे समर कैंप व खेल सप्ताह का समापन व पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम आज शिव शक्ति सदन के स्व. सेठ प्रेम रतन सभागार में हुआ।खेल प्रकोष्ठ के सयोजक राजेश शर्मा ने बताया कि आज के मुख्य अतिथि के रूप में पुरुषोत्तम लाल सेवक, मरुश्री सत्येंद्र शर्मा, यशस्विनी शर्मा, रविप्रकाश शर्मा ,राजेश शर्मा (PTI ) , बुलाकी शर्मा रहे वहीं आज की अध्यक्षता आर के शर्मा जी ने की । राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा के महासचिव संजय जी शर्मा ने बताया कि समर कैंप में कुल 180 बालक बालिकाओं ने भागीदारी ली। समर कैंप में योग, आत्मरक्षा, डान्स आदि का प्रशिक्षण दिया गया वहीं खेल सप्ताह में क्रिकेट बैडमिंटन, चैस,कैरम , कबडी , सतोलियो जैसे पारम्परिक खेलों का आयोजन किया गया जिसमे सभी खेलो के विजेता और उपविजेता के प्रतिभागी को पुरस्कार दिया गया ।
आयोजन समिति के संयोजक नीलेश शर्मा ने बताया कि बैडमिंटन में दिव्या, वरदान , चेस में लक्ष्य ,दिया शर्माकैरम दिव्या में रेयांश ,जीया शर्मा विजेता रहे। मनोज शर्मा ने कार्यक्रम में पधारे सभी आगंतुको का आभार व्यक्त किया व संचालन राजेश शर्मा ने किया।