

Thar पोस्ट न्यूज। विधायक श्री जेठानंद व्यास ने जिला अस्पताल में किया 1.50 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का शिलान्यास










अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति विभाग की सुविधाओं का होगा विस्तार, बजट घोषणा के तहत 10 करोड़ रुपए से अस्तपाल का उन्नयन कार्य प्रगति पर

बीकानेर। बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने जिला अस्पताल में डीएमएफटी मद से 1.50 करोड़ रुपए की लागत से स्त्री एवं प्रसूति ओपीडी, लेबर रूम, प्री-डिलीवरी रूम, पोस्ट-डिलीवरी रूम तथा चार कॉटेज के निर्माण कार्यों का रविवार को शिलान्यास किया।
इन सुविधाओं के विकसित होने से अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं एवं प्रसूताओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय मरीजों को लाभ होगा।
उन्होंने बताया कि पिछले लगभग तीन सालों में जिला अस्पताल की सुविधाओं में आमूलचूल सुधार हुआ है। जिससे शहरी क्षेत्र के मरीज़ों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने लगी है। उन्होंने बताया कि डीएमएफटी मद के यह कार्य भी मरीजों के लिए लाभदायक रहेंगे।
विधायक ने बताया कि बजट घोषणा की अनुपालना में जिला अस्पताल में लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से उन्नयन कार्य करवाए जा रहे हैं। इसके तहत नए ओपीडी ब्लॉक और मेडिसिन वार्ड का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त एक करोड़ रुपए की लागत से ड्रग स्टोर निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इसका काम जल्द शुरू होगा। नवीन शिशु रोग वार्ड एवं आईसीयू का निर्माण भी 3.50 करोड़ रुपए की लागत से करवाया जा रहा है। इन कार्यों से अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं में विस्तार होगा।
अस्पताल में सरकारी योजनाओं के साथ भामाशाहों के सहयोग से भी विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। मदन मोहन ट्रस्ट के सहयोग से अस्पताल में नवीन प्रवेश द्वार, स्वागत कक्ष, प्रतीक्षालय हॉल और रजिस्ट्रेशन एरिया का निर्माण हेरिटेज लुक में करवाया जा रहा है। इसके साथ ही अस्पताल में नई सोनोग्राफी मशीन, एक्स-रे सुविधा और जनरेटर की व्यवस्था भी करवाई गई है।इससे अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए सुविधाजनक व्यवस्था विकसित होगी।
जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने बताया कि सुविधाओं में वृद्धि से पिछले ढाई वर्षों में अस्पताल के आउटडोर और इनडोर मरीजों की संख्या में लगभग 30 प्रतिशत वृद्धि हुई है। प्रसव की संख्या में भी इजाफा हुआ है तथा अब अस्पताल में पूर्व की तुलना में कई गुना जटिल ऑपरेशन भी किए जाने लगे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या और उपचार की जरूरतों को देखते हुए सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
विधायक श्री व्यास ने इस दौरान अस्पताल परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता श्री कमल खत्री, श्री जेपी व्यास, श्री किशन चौधरी, डॉ. सुषमा बिस्सा, पूर्व पार्षद श्री राजा सेवग, श्रीमती आशा आचार्य, श्री दिनेश चौहान, श्री विशाल गोलछा, श्री प्रेम गहलोत, पार्षद श्रीमती अन्नपूर्णा व्यास, श्रीमती निशा अनादी पारीक, श्री दीपक व्यास, श्रीमती जसोदा ओझा, श्री नरेंद्र पारीक, श्री राजकुमार जीनगर, श्री सुशील आचार्य, श्री अर्जुन कुमावत, श्री लालचंद कुमावत, श्री किशोर आचार्य, श्री जितेंद्र व्यास सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक श्री जेठानंद व्यास ने श्रीरामसर में किया 20.35 लाख रुपए की सीसी सड़क का शिलान्यास
बीकानेर। बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने रविवार को श्रीरामसर में मुख्यमंत्री बजट घोषणा वर्ष 2026-27 के तहत 20.35 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सीसी सड़क का शिलान्यास किया।इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के निवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम होगी।
विधायक ने बताया कि यह सड़क बाबा रामदेव जी मंदिर के चौक में रामलाल जी सांखला की चक्की से होते हुए जगदीश सोलंकी के घर तक बनाई जाएगी। सड़क की स्वीकृत लंबाई 0.20 किलोमीटर है। नगर निगम खंड बीकानेर की ओर से करवाए जाने वाले इस निर्माण कार्य से स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी।
विधायक श्री जेठानंद व्यास ने कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की बजट घोषणाओं के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर उतारने से आमजन को राहत मिलेगी। सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार स्थानीय निवासियों के दैनिक आवागमन को आसान बनाने के साथ क्षेत्र के विकास में भी सहायक होगा।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, जिससे आमजन को इनका पूरा लाभ मिल सके।
इस दौरान श्री आसूराम पंवार, श्री चतुर्भुज सोलंकी, श्री रावत सांखला, श्री भंवर सांखला, श्री सत्तू सोलंकी, श्री माणक गहलोत, श्री कानूराम गहलोत, श्री मुरलीधर पंवार, श्री ओम पंवार, श्री मूलचन्द पंवार, श्री चन्द्र प्रकाश गहलोत, श्री वासुदेव पंवार, श्री श्रवण कुमार, श्री प्रेम गहलोत और श्री लक्ष्मण सांखला, पार्षद श्री दीपक व्यास, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता श्री कमल खत्री सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
