Thar पोस्ट, न्यूज। कर्नाटक में करारी हार के बाद बीजेपी का फोकस राजस्थान पर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिलों में सभाओं की शुरुआत 31 मई को अजमेर जिले से करेंगे। एनडीए की सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सभा हो रही है। इस पर भाजपा मंथन कर रही है प्रधानमंत्री की सभा हर जिले में हो, इसके लिए जिम्मेवारों से कार्य शुरू करने को बोल दिया गया है।कर्नाटक चुनाव में हार के बाद अब बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने राजस्थान पर पूरा फोकस कर दिया है। विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी की सभाएं हर जिले में करवाने पर मंथन चल रहा है।

केन्द्रीय नेतृत्व ने हर जिले से सूचनाएं मंगवाना भी शुरू कर दिया है। संभवत: पार्टी देश में ऐसा पहली बार प्रयोग करने जा रही है, जब किसी चुनावी राज्य के हर जिले में नरेंद्र मोदी सभा करेंगे। साफ होने लगा है कि बीजेपी अगले विधानसभा चुनाव पीएम मोदी के चेहरे पर ही लड़ने जा रही है। इसके पीछे प्रदेश भाजपा में जारी गुटबाजी को भी माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री की सभा की शुरुआत अजमेर से होने के पीछे प्रमुख कारण अजमेर बीजेपी का गढ़ माना जाता है। ऐसे में पीएम की सभा के लिए सबसे पहले अजमेर जिले को चुना गया है। पिछले विधानसभा चुनावों में अजमेर जिले की आठ में से पांच सीटें बीजेपी ने जीती थीं।पांच जिले जहां भाजपा 70 से 80% तक सीट हार गई थी वो हैं जयपुर, जोधपुर, नागौर, अलवर, और चूरू । आलाकमान का पूरा फोकस सिर्फ जीत पर है। प्रधानमंत्री ही चुनाव की बागडोर सम्भालने वाले हैं, जिसकी शुरुआत अजमेर से होने जा रही है।